IND vs PAK: विराट की बल्लेबाजी से नाखुश हैं गंभीर? बोले- अगर वही शॉट कोई युवा खिलाड़ी खेलता तो...
एशिया कप 2022 का दूसरा मुकाबला रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया।
नई दिल्ली, 29 अगस्त: एशिया कप 2022 का दूसरा मुकाबला रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 19.5 ओवर में 10 विकेट खोकर 147 रन बनाए। जवाब में भारत ने 148 रन बनाकर 5 विकेट से मुकाबले को जीत लिया। भारत की ओर से विराट कोहली और रवींद्र जडेजा ने 35-35 वहीं हार्दिक पांड्या ने 33 रन बनाए। 42 दिनों के ब्रेक के बाद वापसी कर रहे कोहली अच्छी लय में नजर आए, लेकिन वह एक खराब शॉट खेलकर आउट हो गए। पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर कोहली के इस शॉट से काफी नाखुश नजर आए।

शॉट से निराश होंगे कोहली
कोहली ने 10वें ओवर में अपना विकेट उपहार में दिया। स्टार स्पोर्ट्स पर चर्चा के दौरान गंभीर ने कोहली के आउट होने के बारे में विस्तार से बात की। उन्होंने कहा, 'वह बेहद निराश होंगे क्योंकि रोहित शर्मा का विकेट अभी गिरा था और उसके बाद अगर आप ऐसा शॉट खेलते हैं तो, अच्छा है कि एक युवा उस शॉट को नहीं खेलता। अगर कोई युवा खिलाड़ी इस तरह का खेल खेलता तो काफी आलोचना होती। बता दें कि 8वें ओवर की आखिरी गेंद पर रोहित शर्मा बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में कैच आउट हुए। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल भी खाता नहीं खोल सके थे। इसके बाद भी 10वें ओवर की पहली गेंद पर कोहली ने बड़ा शॉट लगाने का प्रयास किया और बाउंड्री पर कैच थमा बैठे। इससे भारतीय टीम मुश्किल में आ गई।

इस शॉट की जरूरत नहीं थी
पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने कहा, "मुझे यकीन है कि उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में जितने रन बनाए हैं, जब वह इस शॉट को देखेंगे तो वह खुद को बताएंगे कि इस शॉट की आवश्यकता नहीं थी। गंभीर ने कहा, आपने 34 गेंदें खेलीं और 35 रन बनाए, आपका कप्तान अभी आउट हो गया था, अगर आपके पास मौका था अपनी पारी को थोड़ा और बनाने का। चीजें आसान हो सकती थीं। कोहली ने 3 चौके और एक छक्के की मदद से पाकिस्तान के खिलाफ 34 गेंदों में 35 रन बनाए। कोहली रविवार को सभी फॉर्मेट में 100 इंटरनेशनल मैच पूरे करने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बने।

खास क्लब में शामिल हुए विराट
विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना 100वां टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला। इस मैच में वह शानदार लय में नजर आए। कोहली ने 34 गेंदों पर 35 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 1 छक्का जड़ा। पहला चौका जड़ते ही विराट ने टी20 इंटरनेशनल में अपने 300 चौके पूरे कर लिए। इसके साथ ही वह पॉल स्टर्लिंग, गुप्टिल और रोहित शर्मा के खास क्लब में शामिल हो गए। टी20I में आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग ने सबसे ज्यादा 344 चौके लगाए हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (313 चौके) और तीसरे पर न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल (306 चौके) हैं।












Click it and Unblock the Notifications