'अब बहुत देर हो रही है, जल्द निकालना होगा तोड़', पूर्व पाक क्रिकेटर ने बतायी कोहली के फ्लॉप शो की वजह
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली पिछले कुछ समय से एक खराब दौर से गुजर रहे हैं, जिसकी वजह से उनके करियर का 71वां अंतर्राष्ट्रीय शतक आने में 2 साल से ज्यादा का समय लग चुका है और अभी तक वो इसे नहीं लगा सके हैं। विराट कोहली ने अपना आखिरी अंतर्राष्ट्रीय शतक बांग्लादेश के खिलाफ नवंबर 2019 में लगाया था जबकि इस साल उनके बल्ले से 4 अर्धशतकीय पारियां निकल चुकी हैं और वो इसे शतक में बदल पाने में नाकाम रहे हैं। मोहाली में खेले गये अपने 100वें टेस्ट के दौरान विराट कोहली ने काफी शानदार शुरुआत की थी लेकिन लसिथ एमबुलदेनिया के खिलाफ स्टंप के आगे फंसकर अपना विकेट गंवा दिया था।

वहीं बैंगलोर में खेले गये दूसरे टेस्ट मैच के दौरान भी कोहली के बल्ले से ज्यादा रन नहीं निकले और दोनों पारियों में वो स्पिन पर विकेट के आगे फंसकर अपना विकेट खोते नजर आये। पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज राशिद लतीफ ने कोहली के संघर्ष पर अपनी राय दी है और विस्तार से बताया कि किस वजह से उनका फ्लॉप शो बरकरार है।
और पढ़ें: 'उन्होंने कभी मयंक के साथ नहीं किया न्याय', पंजाब की कप्तानी संभालने पर गावस्कर ने दी चेतावनी

वक्त आ गया है कि कोहली शुरू करें रन बनाना
राशिद लतीफ का मानना है कि विराट कोहली का बल्ले से संघर्ष अभी भी जारी है और अब समय आ गया है कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान को अब रन बनाना शुरू कर देना चाहिये।
अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए लतीफ ने कहा,'अब समय आ गया है कि वो रन बनाना शुरू कर दें। उनकी बल्लेबाजी में खराब दौर काफी लंबे समय से चली आ रही है। उनके पास काफी शानदार मौका था, लोग उनके शतक को लेकर काफी चिंता कर रहे हैं लेकिन मुझे लगता है कि वो अगले 2-3 टेस्ट मैच में उनके बल्ले से यह पारी आ सकती है।'

कोहली की खराब फॉर्म के चलते गई कप्तानी
राशिद लतीफ ने विराट कोहली की बल्लेबाजी में परेशानी की बात करते हुए बताया कि लंबे समय से वो आंतरिक समस्याओं से जूझ रहे थे और उसी की वजह से उन्हें कप्तानी से हाथ धोना पड़ा। यह वजह उनकी फॉर्म के जाने का कारण भी बना। इसके साथ ही विपक्षी टीमों ने भी उनके खिलाफ काम करना शुरू किया और अपने प्लान के हिसाब से गेंदबाजी करते हुए कोहली को रन बनाने से रोका।

राशिद लतीफ ने सुनायी कोहली की कमजोरी
राशिद लतीफ ने आगे बात करते हुए कोहली की कमजोरी के बारे में बात किया और कहा कि वो ओपन स्टांस के साथ बल्लेबाजी करते हैं, जिसकी वजह से वो ऑफ स्टंप से दूर जाने वाली गेंदबाजों के पीछे जाते हैं और अपना विकेट गंवा देते हैं।
उन्होंने कहा,'कुछ खिलाड़ी जब अच्छे दौर में होते हैं तो वो डाटा में विश्वास नही करते हैं। लेकिन अब वक्त आ गया है कि कोहली डाटा का आकलन करना शुरू करें। उनके साथ दिक्कत यह है कि उनके खड़े होने का तरीका काफी खुला हुआ है और वो इसी वजह से बाहर जाती हुई गेंदों का पीछा करते हैं। विपक्षी टीम ने इस कमजोरी पर काम किया है और उनकी कमजोरी का फायदा उठाया है। उन्हें अपनी डॉट गेंदों की संख्या को घटाना होगा तो वहीं पर ज्यादा एग्रेसिव एप्रोच अपनानी होगी। उन्हें अपने शुरुआती कदम तेजी से बढ़ाने होगे, वह ओपन स्टान्स के चलते गेंद से दूर रह जाते हैं। आपका देर से पहुंचना ठीक है लेकिन पहुंचने में देर कर जाना काफी खतरनाक है।'












Click it and Unblock the Notifications