'उन्होंने कभी मयंक के साथ नहीं किया न्याय', पंजाब की कप्तानी संभालने पर गावस्कर ने दी चेतावनी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का जल्द ही आगाज होने वाला है, जिसको लेकर सभी टीमों के बीच तैयारियां जोरों-शोरों पर चल रही हैं। आईपीएल 2022 के नये सीजन की खास बात यह है कि इस साल 8 के बजाय 10 टीमें हिस्सा लेती नजर आयेंगी तो वहीं पर मैचों की संख्या में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है और इस बार 74 मैचों का आयोजन किया जायेगा। वहीं आईपीएल 2022 के लिये आयोजित किये गये मेगा ऑक्शन की वजह से ज्यादातर टीमें बदलाव के दौर से गुजर रही हैं, जिसमें पंजाब किंग्स की टीम का नाम भी शामिल है।

पंजाब किंग्स के लिये इस सीजन मयंक अग्रवाल टीम की कमान संभालते नजर आयेंगे जबकि पूर्व कप्तान केएल राहुल इस सीजन लखनऊ सुपर जाएंटस की ओर से खेलते नजर आयेंगे। पंजाब की टीम केएल राहुल को अपने खेमे में बरकार रखना चाहती थी लेकिन राहुल पंजाब के लिये रिटेन नहीं होना चाहते थे जिसकी वजह से उन्हें इस खिलाड़ी को छोड़ना पड़ा।

गावस्कर ने जारी की मयंक अग्रवाल को चेतावनी
वहीं पंजाब की टीम ने अपने पूर्व हेड कोच अनिल कुंबले को एक नये कप्तान के साथ बरकरार रखने का फैसला किया है। इस बीच भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का मानना है कि मयंक अग्रवाल के लिये बतौर कप्तान यह राह आसान नहीं होने वाली है। पंजाब किंग्स की टीम पिछले 14 सीजन में से सिर्फ दो बार ही प्लेऑफ (2008 और 2014) तक पहुंच सकी है और 2014 में उसे फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। 2014 के बाद से वो दो बार प्वाइंटस टेबल में आखिरी और 2017 से पांचवे पायदान पर खत्म करती है।
मयंक अग्रवाल को नये सीजन में टीम की कमान सौंपने और बतौर पंजाब का कप्तान खेलते देखने पर सुनील गावस्कर ने अपनी चेतावनी जारी की है और स्टार स्पोर्टस से बात करते हुए बताया है कि यह कितना मुश्किल होने वाला है।

टैलेंट के साथ न्याय नहीं कर पाती है पंजाब किंग्स
गावस्कर का मानना है कि मयंक अग्रवाल के लिये यह काफी मुश्किल काम होने वाला है क्योंकि पंजाब किंग्स की टीम अपने खेमे में शामिल ज्यादातर खिलाड़ियों के टैलेंट का इस्तेमाल कर पाने में नाकाम रहती है।
उन्होंने कहा,'यह आसान नहीं होने वाला है, वह इकलौती ऐसी टीम है जिसने पिछले कई सालों में अपने खेमे को मिले टैलेंट के साथ न्याय नहीं किया है। उसके कारण क्या है हम नहीं जानते हैं। टी20 प्रारूप में कई बार ऐसा होता है जब आपको किस्मत की भी जरूरत होती है लेकिन वो ऐसी टीम है जो कि बेहतर हो सकती है क्योंकि अगर मैं गलत नहीं हूं तो वो फाइनल भी नहीं खेल सके हैं (2014 में पंजाब ने फाइनल खेला था), तो ऐसे में उनके सामने प्रदर्शन का इनाम रखा हुआ है। ऐसे में अगर वो नॉकआउट या फाइनल तक पहुंच जाते हैं तो कौन जाने आगे क्या होता है, हो सकता है वो ट्रॉफी ले आयें।'

बेहद मजबूत नजर आ रही है पंजाब किंग्स की टीम
गौरतलब है कि पंजाब किंग्स ने इस सीजन नीलामी के दौरान बेहतरीन काम किया और अच्छे खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ने की वजह से उन्हें काफी तारीफ भी मिली। पंजाब की टीम ने इस सीजन अपने खेमे में कगिसो रबाडा, जोनी बेयरस्टो, लियाम लिविंगस्टोन, शिखर धवन और शाहरुख खान जैसे खिलाड़ियों को जोड़ा है जो कागज पर टीम को काफी मजबूत बना रहे हैं। पंजाब की टीम को अपना पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 27 मार्च को नवी मुंबई के मैदान पर खेलना है।












Click it and Unblock the Notifications