पूर्व पाकिस्तानी कप्तान ने एमएस धोनी की विकेटकीपिंग पर उठाए सवाल, कही ये बड़ी बात
पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की गिनती दुनिया के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर्स में होती है।
नई दिल्ली, 9 अगस्त: पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की गिनती दुनिया के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर्स में होती है। स्टंप के पीछे अपनी फुर्ती और चालाकी के लिए उन्हें जाना जाता है। बिजली की गति से शिकार करने वाले महान खिलाड़ी ने टेस्ट में 256 कैच के साथ-साथ वनडे मैचों में 321 और टी 20 इंटरनेशनल में 51 कैच लपके हैं। हालांकि, इन सभी रिकॉर्ड के बावजूद पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर राशिद लतीफ ने दावा किया है कि धोनी वास्तव में एक महान विकेटकीपर नहीं थे। लतीफ ने एक आंकड़े के साथ अपने दावे का समर्थन भी किया।

धोनी बड़ा नाम है
लतीफ ने अपने ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर कहा, "धोनी एक विकेटकीपर बल्लेबाज थे। जाहिर है धोनी बहुत बड़ा नाम है। लेकिन अगर मैं आंकड़ों में जाता हूं तो उनका ड्रॉप प्रतिशत 21 प्रतिशत है, जो बहुत ज्यादा है।" लतीफ ने यह भी कहा कि एक कीपर की सफलता को मापने के आंकड़े बहुत बाद में आए, जबकि ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज एडम गिलक्रिस्ट और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व स्टार मार्क बाउचर बहुत अच्छे विकेटकीपर थे।

वर्तमान में डी कॉक सर्वश्रेष्ठ
लतीफ ने कहा "आप मेरे रिकॉर्ड का उपयोग नहीं कर सकते क्योंकि यह विशेष रिकॉर्ड 2002 या 2003 से अस्तित्व में आया था। हम तब तक खेल चुके थे। एडम गिलक्रिस्ट का प्रतिशत मात्र 11 था, मार्क बाउचर बहुत अच्छे थे। ऑस्ट्रेलिया के टिम पेन ने अच्छी शुरुआत की लेकिन अंत में बहुत सारे कैच छोड़े।" लतीफ ने आगे दावा किया कि दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक वर्तमान में सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर हैं। उन्होंने कहा, "यदि आप पिछले 15 वर्षों में सर्वश्रेष्ठ को देखें तो मैं कहूंगा कि क्विंटन डी कॉक शानदार हैं।

सबसे ज्यादा स्टंपिंग का रिकॉर्ड
धोनी ने अपने करियर में तीनों फॉर्मेट में 195 स्टंपिंग की हैं जो कि सबसे ज्यादा हैं। इसके अलावा आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एमएस धोनी के पास 0.08 सेकंड के समय के साथ सबसे तेज स्टंपिंग का रिकॉर्ड भी है। 2018 में धोनी ने मुंबई में एक वनडे मैच में वेस्टइंडीज के कीमो पॉल को स्टंप किया, जिसने दुनिया को चौंका दिया। पॉल के दिमाग में आने से पहले ही धोनी अविश्वसनीय रूप से बेल्स उड़ा चुके थे।

धोनी का इंटरनेशनल करियर
महेंद्र सिंह धोनी ने इंटरनेशनल करियर में 90 टेस्ट की 144 पारियों में 38.09 की औसत और 59.11 के स्ट्राइक रेट से 4876 रन बनाए हैं। धोनी ने टेस्ट में 33 अर्धशतक और 6 शतक जड़े हैं। 350 वनडे में धोनी ने 50.57 की औसत और 87.56 के स्ट्राइक रेट से 10773 रन बनाए हैं। उन्होंने एकदिवसीय में 73 अर्धशतक और 10 शतक जड़े हैं। वहीं 98 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में माही ने 37.60 की औसत और 126.13 के स्ट्राइक रेट से 1617 बनाए जड़े हैं। धोनी ने टी20 में दो अर्धशतक भी लगाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications