पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज बोले- विश्वकप से पहले रोहित को दूर करनी होगी 2 कमियां, नहीं तो फिर हारेगा भारत
नई दिल्ली। यूएई में खेले गये टी20 विश्वकप 2021 में एक खराब कैंपेन का समाप्त करने के बाद भारतीय टीम इस प्रारूप में वापसी करने की ओर देख रही है और रोहित शर्मा की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले विश्वकप के खिताब को जीतने की ओर नजर बनाये हुए हैं। भारत ने अगले विश्वकप की तैयारियों के लिये अपनी टीम की कमियों को दूर करना शुरू कर दिया है, जिसका असर उसके प्रदर्शन पर भी नजर आ रहा है, जिसके तहत उसने नवंबर 2021 के बाद खेली गई अब तक की 3 द्विपक्षीय सीरीज में विपक्षी टीम को एकतरफा हराया है। भारत ने पहले न्यूजीलैंड, फिर वेस्टइंडीज और हाल ही में श्रीलंका की टीम को 3 मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप किया है और लगातार 12वें मैच में जीत हासिल करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है।

इस देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि भारतीय टीम अपनी कमियों पर लगातार काम कर रही है। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व स्पिनर ब्रैड हॉग ने रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम की 2 बड़ी कमियों के बारे में बताया है। हॉग का मानना है कि रोहित शर्मा को ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी20 विश्वकप में जीत हासिल करनी है तो उन्हें इन कमियों को फिक्स करना होगा वरना टीम को फिर से हार का मुंह देखना पड़ सकता है।
और पढ़ें: जून में आयरलैंड से T20 सीरीज खेलेगी टीम इंडिया, भारत के आने से आयरिश बोर्ड पर बरसेगा पैसा

भारतीय पेस अटैक के मुरीद हुए ब्रैड हॉग
हॉग का यह बयान भारत के लगातार तीसरी टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप करने के बाद आया है, जिस पर बात करते हुए हॉग ने अपने यूट्यूब चैनल पर भारतीय टीम की गेंदबाजी विभाग की जमकर तारीफ की है, खासतौर से तेज गेंदबाजी की जिसमें भुवनेश्वर कुमार की वापसी हुई है। हॉग का मानना है कि भारतीय टीम की तेज गेंदबाजी में काफी गहरायी है लेकिन उनके लिये दीपक चाहर और भुवनेश्वर कुमार को विश्वकप की प्लेइंग में एक साथ रख पाना काफी मुश्किल होने वाला है।
उन्होंने कहा,'टी20 क्रिकेट में भारत का पेस अटैक काफी शानदार है। अगर मैं भारत के लिये टी20 विश्वकप की टीम का चयन करता हूं तो मेरे लिये भुवनेश्वर कुमार और दीपक चाहर को एक साथ रख पाना काफी मुश्किल हो जायेगा, खास तौर पर तब जब उनके पास सिराज, आवेश खान और हर्षल पटेल जैसे गेंदबाज उपलब्ध हैं। उनके पास स्पिन में भी काफी गहरायी है और जो कि बल्लेबाजी में टॉप ऑर्डर के बाद जबरदस्त प्रदर्शन कर रहे हैं। अय्यर बेहद शानदार हैं, आईपीएल ऑक्शन के हिसाब से सबसे बेहतरीन चयन हैं।'

रोहित को इन दो विभागों में करना होगा सुधार
उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम ने पिछले 12 टी20 मैचों में लगातार जीत हासिल कर सबसे ज्यादा लगातार जीत हासिल करने वाली टीम के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। हालांकि हॉग का मानना है कि रोहित शर्मा को अभी भी दो कमियों को दूर करना बाकी है, जिसमें टीम की डेथ बॉलिंग और मिडिल ओवर्स में स्पिन गेंदबाजी। हॉग चाहते हैं कि भारतीय टीम मैनेजमेंट को स्पिन गेंदबाजी में और विकल्प तलाशने चाहिये।
उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि रोहित शर्मा कई चीजों में सुधार करने की ओर देख रहे होंगे, जिसमें डेथ बॉलिंग और बीच के ओवर्स में स्पिन गेंदबाजी शामिल है। मुझे लगता है कि रोहित स्पिन गेंदबाजी में थोड़ी और वैरायटी चाहते हैं। कुलदीप यादव और जडेजा काफी शानदार गेंदबाज है लेकिन दबाव में विपक्षी टीम उन पर भारी पड़ जाती हैं।'

स्पिन गेंदबाजी में भारत को चाहिये ज्यादा विकल्प
गौरतलब है कि भारतीय टीम के स्पिन विभाग में कुलदीपय यादव और रविंद्र जडेजा के अलवा फिलहाल रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, राहुल चाहर और वरुण चक्रवर्ती का विकल्प भी मौजूद है।
उन्होंने कहा,'जब आखिरी टी20 मैच में श्रीलंका ब्ललेबाज कुलदीप यादव पर शॉट लगा रहे थे तो उन्होंने उसे रोकने के लिये गेंदबाजी नहीं की। जब पिच पर घुमाव नहीं होता तो जडेजा थोड़ा जल्दी फेंकने की कोशिश करते हैं। ऐसे में बल्लेबाजों के लिये उस पर शॉट मारना आसान हो जाता है, तो यह वो विभाग है जिसमें भारतीय टीम को सुधार की जरूरत है। वरना एक बार फिर भारतीय टीम विश्वकप का खिताब हासिल करने से चूक सकती है। फिलहाल वो इस टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीम बनकर सामने आ रही है।'












Click it and Unblock the Notifications