Flashback 2022: ईशान किशन ने जड़े हैं साल 2022 में भारत के लिए वनडे में सबसे ज्यादा छक्के
ईशान किशन ने इस साल मिले मौकों का पूरा लाभ उठाते हुए वनडे क्रिकेट में बेहतरीन काम किया। वह इस साल भारत के लिए वनडे में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज हैं।

Flashback 2022: भारतीय टीम में प्रतिस्पर्धा ज्यादा है और बेहतरीन खिलाड़ियों को भी कई बार खेलने का मौका नहीं मिल पाता है। यह भी कहा जाता रहा है कि मौका मिलने पर फायदा उठाना चाहिए। ईशान किशन ने हालिया समय में कुछ ऐसा ही किया है। साल 2022 में जितने भी मौके उनको मिले, उन्होंने फायदा उठाने का प्रयास किया। कम मौकों के बाद भी ईशान किशन ने इस साल एक ख़ास चीज टीम इंडिया के लिए कर दी। वह भारत की तरफ से वनडे में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज हैं।यह हैरान करने वाला फैक्ट हो सकता है लेकिन ऐसा हुआ है।

ईशान किशन के नाम सबसे ज्यादा वनडे छक्के
इस साल ईशान किशन को एकदिवसीय क्रिकेट में ज्यादा खेलने का मौका नहीं मिला लेकिन जिन मैचों में भी उनको खिलाया गया, उन्होंने लाभ उठाने का पूरा प्रयास करते हुए टीम के लिए अच्छा कार्य किया है। इस साल भारत के लिए वनडे में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाजों में वह टॉप पर हैं। ईशान किशन ने 8 वनडे की 7 पारियों में 18 छक्के जड़े हैं। वर्ल्ड की ओवरऑल टैली में वह चौथे स्थान पर हैं।

ईशान किशन ने दोहरा शतक भी जड़ा है
इस साल वनडे में ईशान किशन ने कुछ धमाके किये, उनमें सबसे बड़ा धमाका उनके बल्ले से आया दोहरा शतक रहा। बांग्लादेश के खिलाफ चटगाँव में खेलते हुए उन्होंने वर्ल्ड का सबसे तेज एकदिवसीय दोहरा शतक जमा दिया। ईशान किशन के बल्ले से 131 गेंदों में 210 रनों की पारी आई। इस मामले में उन्होंने भारत के महान बल्लेबाजों में अपना नाम दर्ज करवा लिया। एक और ख़ास बात यह भी रही कि वनडे क्रिकेट में भारत से बाहर दोहरा शतक जड़ने वाले वह पहले भारतीय खिलाड़ी भी बन गए। इस तरह ईशान किशन के लिए यह साल काफी यादगार रहा है।

छक्कों के मामले में भारत के अन्य बल्लेबाज
ईशान किशन इस लिस्ट में नम्बर एक हैं लेकिन दो खिलाड़ी ऐसे भी हैं जो आपको हैरान कर सकते हैं। इनमें पहला नाम श्रेयस अय्यर का है। अय्यर ने इस साल वनडे क्रिकेट में कुल 17 मैच खेलकर 13 छक्के जड़े। उनके अलावा दूसरा नाम अक्षर पटेल का है। पटेल ने 8 मैचों में 10 छक्के जड़े हैं। वर्ल्ड में इस साल सबसे ज्यादा वनडे छक्के लगाने वाले बल्लेबाज निकोलस पूरन हैं। उन्होंने 21 मैचों में 27 छक्के जड़े हैं।












Click it and Unblock the Notifications