ईशान किशन को थर्ड अंपायर ने दिया जीवनदान, फिन एलन का हैरतअंगेज कैच हुआ बेकार- VIDEO
क्रिकेट के मैदान पर कई बार फील्डर अपनी फुर्ती और शानदार प्रयास से मुकाबले का रुख बदल देते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में फिन एलन ने भी कुछ ऐसा ही करने की कोशिश की। उन्होंने बाउंड्री के पास ऐसा कैच लपका कि ईशान किशन को पवेलियन लौटना लगभग तय लग रहा था। हालांकि तीसरे अंपायर की नजर एक ऐसी गलती पर पड़ी, जिसने पूरा फैसला ही बदल दिया।
भारतीय पारी के सातवें ओवर में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर गेंदबाजी कर रहे थे। उनकी गेंद पर ईशान किशन ने सीधा बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद पर उनका बल्ला पूरी तरह नहीं आया। गेंद बाउंड्री की तरफ गई और वहां मौजूद फिन एलन तेजी से दाईं ओर दौड़े।

शानदार कैच के बाद हुआ ड्रामा
एलन ने शानदार फुर्ती दिखाते हुए गेंद को लपक लिया। हालांकि उनका संतुलन बिगड़ रहा था और वह बाउंड्री के बाहर जाने वाले थे। ऐसे में उन्होंने गेंद को मैदान के अंदर उछालने की कोशिश की। पहली नजर में यह बेहद शानदार कैच लग रहा था लेकिन मैदानी अंपायरों ने फैसला तीसरे अंपायर के पास भेज दिया।
पैर ने बिगाड़ दिया एलन का शानदार प्रयास
तीसरे अंपायर ने अलग-अलग कोणों से रीप्ले देखने के बाद पाया कि एलन का दायां पैर गेंद हाथ से छोड़ने से पहले ही बाउंड्री के बाहर जमीन को छू चुका था। नियमों के मुताबिक गेंद पर नियंत्रण रखते हुए बाउंड्री के बाहर जमीन को छूने पर कैच नहीं माना जाता। इस तरह एलन की मेहनत बेकार गई और ईशान किशन को जीवनदान मिल गया। अंपायर ने कई अलग-अलग एंगल से कैच को देखा, तब असलियत सामने आ गई।
ईशान इस मौके का फायदा उठाने में सफल रहे। वह बाद में 32 गेंदों में 61 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में पांच चौके और पांच छक्के शामिल रहे। उन्हें ब्लेयर टिकनर ने आउट किया, जबकि नाथन स्मिथ ने कैच पकड़ा।


Click it and Unblock the Notifications
