'बिना खेले हार्दिक पांड्या को वार्षिक अनुबंध क्यों,' BCCI पर भड़के ईशान किशन-श्रेयस अय्यर के फैन्स
BCCI Central Contract: बीसीसीआई के वार्षिक अनुबंध में काफी बदलाव देखने को मिला है। कुछ बड़े नामों को अनुबंध से पूरी तरह से बाहर कर दिया गया है। उनमें श्रेयस अय्यर और ईशान किशन का नाम प्रमुख है। चेतेश्वर पुजारा और शिखर धवन को भी बाहर किया गया है।
ईशान किशन पिछले कुछ समय से घरेलू क्रिकेट में भी नहीं खेल रहे थे। अय्यर ने टीम इंडिया से रिलीज होने के बाद रणजी ट्रॉफी से दूरी बना ली थी। हालांकि अनुबंध का एलान होने से एक दिन पहले उन्होंने रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में मुंबई से खेलने की पुष्टि की थी।

ईशान किशन टीम से बाहर होने के बाद फर्स्ट क्लास क्रिकेट नहीं खेले थे। लगातार उनको आईपीएल की तैयारी करते हुए देखा गया है। फ़िलहाल वह डीवाई पाटिल टी20 कप में खेल रहे हैं। इस वजह से उनको भी केन्द्रीय अनुबंध से बाहर कर दिया गया।
इन सबके बीच पिछले छह माह से एक भी मैच नहीं खेलने वाले हार्दिक पांड्या को बोर्ड ने अनुबंध में बरकरार रखा है। फैन्स इस बात से काफी गुस्से में हैं। पांड्या वर्ल्ड कप के बीच में चोटिल होकर बाहर हो गए थे। इसके बाद उनको रिकवरी के दौर से गुजरते हुए देखा गया और अब वह भी डीवाई पाटिल टी20 कप में खेल रहे हैं।
ईशान किशन और अय्यर को बाहर करने के बाद फैन्स ने हार्दिक पांड्या के अनुबंध पर सवाल खड़े किये हैं। फैन्स का मानना है कि हार्दिक पांड्या खेले ही नहीं फिर भी अनुबंध मिला है। अय्यर और ईशान किशन का वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन था लेकिन उनको बाहर किया गया। ऐसा करके बोर्ड ने अनुचित और पक्षपाती बर्ताव किया है। सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली।












Click it and Unblock the Notifications