IPL की तरह नकली क्रिकेट लीग में होती थी 'हर्षा भोगले' की आवाज में कॉमेंट्री, रूस से लगता था सट्टा
अहमदाबाद, जुलाई 11। गुजरात के वडनगर में इंडियन प्रीमियर लीग की तर्ज पर एक फर्जी प्रीमियर लीग चलाई जा रही थी, जिसमें विदेश से असली सट्टा लगाया जा रहा था। पुलिस ने इस गोरखधंधे को चलाने वाले गिरोह का भांडाफोड़ कर दिया है। साथ ही पुलिस ने चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। हालांकि एक आरोपी को अभी पकड़ा जाना बाकि है। वो अभी फरार चल रहा है। सभी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और सट्टेबाजी का केस दर्ज हुआ है।

नकली क्रिकेट लीग में रूस से लगता था सट्टा
आजतक की खबर के मुताबिक, इस नकली प्रीमियर लीग में मैदान, क्रिकेटर और यहां तक की कॉमेंटेटर भी नकली थे, लेकिन इस लीग में सट्टा असली लगाया जा रहा था और वो सट्टे की पूरी फंडिंग रूस से हो रही थी। इस लीग का आयोजन वडनगर के एक गांव मालीपुर में होता था। रिपोर्ट के मुताबिक, गांव के ही कुछ लोगों ने एक फार्म हाउस खरीदा था, जिसे क्रिकेट ग्राउंड में तब्दील कर दिया गया।
हर्षा भोगले की आवाज में कॉमेंट्री करता था शख्स
इसके बाद लाइटें लगाई गईं और एक पिच भी तैयार की गई। इतना ही नहीं इस लीग में कॉमेंट्री बॉक्स भी था और एक शख्स हर्षा भोगले की आवाज में कॉमेंट्री भी करता था। हर्षा भोगले ने भी इस रिपोर्ट को ट्वीट कर कहा है कि वो इस शख्स की आवाज को एकबार जरूर सुनना चाहते हैं। आपको बता दें कि इस नकली क्रिकेट लीग के हर मैच का मोबाइल ऐप के जरिए लाइव प्रसारण भी होता था। इसके लिए पूरी टेक्नोलॉजी भी इन लोगों के पास उपलब्ध थी। पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से क्रिकेट किट, स्पीकर लाइट, मल्टी कैम सैटअप समेत क्रिकेट से संबंधित कई चीजें बरामद की हैं।
जानिए कैसे चल रहा था पूरा यह धंधा?
रिपोर्ट के अनुसार, गांव के ही लड़कों को इस काम में शामिल किया हुआ था, जो प्लेयर बनते थे। उन्हें प्रति मैच 400 रुपये मिलते थे और पूरा मैच खेला जाता था। पुलिस के मुताबिक, रूस में बैठा शख्स सट्टे के सारी व्यवस्था संभालता था। वहीं से पूरा सट्टा लगता था। सट्टे के रेट के हिसाब से नकली क्रिकेटरों को बताया जाता था कि कब चौका मारना है और कब आउट होना है।












Click it and Unblock the Notifications