हर्षल पटेल के जबर फैन हुए पाकिस्तान के पूर्व कप्तान, बताया क्या है सबसे बड़ी ताकत
नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मैच ईडन गार्डन्स के मैदान पर खेला गया, जहां पर फैन्स को एक जबरदस्त फाइनल ओवर थ्रिलर देखने को मिला। अब तक की सीरीज में किसी भी तरह से प्रभावित करने में नाकाम रही वेस्टइंडीज की टीम ने इस मैच में बेहद शानदार प्रदर्शन किया और मैच को अपने नाम करने में 8 रन से चूक गई। वहीं पर भारत ने 8 रन से मैच जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। वनडे सीरीज में 3-0 से कैरिबियाई टीम का सूपड़ा साफ करने के बाद भारतीय टीम ने पहले मैच में आसानी से 6 विकेट की जीत हासिल की थी।

वहीं दूसरे मैच में दोनों ही टीमों से बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला जहां पर शुरुआती झटकों के बाद भारत के लिये ऋषभ पंत (52*) और विराट कोहली (51) ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया, तो वहीं पर निकोलस पूरन (62) और रॉवमेन पॉवेल (68*) ने अर्धशतक ठोंक अपनी टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया।
और पढ़ें: IND vs SL: रोहित शर्मा बने भारत के नये टेस्ट कप्तान, श्रीलंका के खिलाफ टीम का हुआ ऐलान

हर्षल पटेल के फैन हुए पूर्व पाक कप्तान
ईडन गार्डन्स पर खेले गये इस मैच में वेस्टइंडीज की टीम को जीत के लिये आखिरी ओवर में 25 रन की दरकार थी और भारत की तरफ से इसे बचाने की जिम्मेदारी हर्षल पटेल को दी गई थी। पॉवेल ने हर्षल पटेल की 4 गेंदों में 2 छक्के लगाये और उनकी टीम को जीत के लिये आखिरी दो गेंदों में 11 रन की दरकार रह गई। ओस से प्रभावित इस मैच में हर्षल पटेल ने बॉलर के लिये सबसे मुश्किल गेंदों को फेंक कर न सिर्फ अपनी टीम को हार से बचाया बल्कि सीरीज में अजेय बढ़त दिला दी। जीत के बाद पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट्ट ने इस भारतीय गेंदबाज की जमकर तारीफ की और कहा कि उनका भविष्य काफी उज्जवल है।
उन्होंने कहा,'हर्षल पटेल का गेंदबाजी के दौरान गति में बदलाव करना काफी शानदार है। दूसरे टी20 मैच के दौरान उन्होंने सटीक यॉर्कर फेंकी, अगर वो यह करने में आगे भी कामयाब रहते हैं तो उनका भविष्य काफी उज्जवल है। वह आईपीएल में खेलते हुए इस प्रदर्शन को जारी रख सकते हैं। भारत के लिये वो जिस तरह से खेल रहे हैं, इसमें कोई शक नहीं होगा अगर वो टी20 विश्वकप की टीम का हिस्सा भी बन जायें।'

आखिर क्या है हर्षल की सबसे बड़ी ताकत
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट्ट ने इस दौरान हर्षल पटेल की सबसे बड़ी ताकत की पहचान करते हुए बताया कि उनकी गेंदबाजी में उनके पास बहुत सारे विकल्प मौजूद हैं, जो कि उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्हें इनका इस्तेमाल करना अच्छा लगता है।
बट्ट ने कहा,'वह एक ऐसे गेंदबाज हैं जिन्हें कई तरह के वैरिएशन पर निर्भर रहना पसंद है। उनके पास बहुत अच्छी स्लोअर बॉल है, जिस पर उनकी आर्म स्पीड नहीं बदलती लेकिन जब वो उस गेंद को फेंकते हैं तो वो औसत से धीमी होती है। मुझे लगता है कि यह उनकी ताकत है। तो यह कहना गलत नहीं होगा कि सीमित ओवर्स प्रारूप क्रिकेट में उनका भविष्य उज्जवल है।'

भुवनेश्वर ने रखी थी जीत की नींव
गौरतलब है कि हर्षल पटेल ने भले ही भारतीय टीम के लिये वो मैच विनिंग ओवर फेंका हो लेकिन भुवनेश्वर कुमार ने 19वें ओवर में जीत की नींव रखी थी, जब उन्होंने खतरनाक दिख रहे निकोलस पूरन का विकेट लिया और अपने ओवर में सिर्फ 4 ही रन दिये। भारतीय टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए जल्दी विकेट खो दिये थे लेकिन कोहली और पंत ने अर्धशतक ठोंककर टीम के स्कोर को 186-5 कर दिया। वहीं रनों का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम ने शुरुआत में ही जल्दी विकेट खो दिये थे, जिसके जवाब में निकोलस पूरन ने 5 चौके और 3 छक्के लगाकर 62 रन बना डाले तो वहीं पर पॉवेल ने भी नाबाद 68 रन बना डाले। दोनों ने 60 गेंदों में 100 रनों की साझेदारी कर वेस्टइंडीज के लिये तीसरी सबसे बड़ी पार्टनरशिप का रिकॉर्ड बनाया, लेकिन अंत में भुवनेश्वर और हर्षल पटेल के चलते मैच जीत पाने में नाकाम रहे। भारत ने फील्डिंग के दौरान 4 बार कैच भी छोड़े जिसकी वजह से कैरिबियाई टीम जीत के इतने करीब पहुंची।












Click it and Unblock the Notifications