सेमीफाइनल में हरमनप्रीत कौर के रन आउट पर भड़कीं पूर्व भारतीय कप्तान, कहा- पिच पर क्या जॉगिंग कर रही थीं?
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में टीम इंडिया 5 रन से मुकाबला हार गई थी। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर का विकेट मैच का टर्निंग प्वॉइंट रहा था। पूर्व भारतीय कप्तान डायना एडुल्जी ने हरमनप्रीत को लापरवाह बताया है।
महिला टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारतीय टीम शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के हाथों पांच रन से हार गई। इस हार के साथ ही टीम इंडिया टी20 विश्व कप से बाहर हो गई। भारतीय महिला टीम की यह हार हर भारतीय को चुभ रही है, क्योंकि हमारी लड़कियां टूर्नामेंट में बहुत अच्छा खेल रही थीं और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी जिस तरह से वो खेल रही थीं उसे देखते हुए यही लग रहा था कि भारतीय टीम फाइनल में जरूर पहुंचेगी, लेकिन बुरी किस्मत के आगे हमारी लड़कियों का प्रयास काफी नहीं रहा। मैच के दौरान हरमनप्रीत कौर का रन आउट होना मैच का टर्निंग प्वॉइंट रहा। हरमनप्रीत कौर के विकेट के बाद टीम इंडिया वापसी नहीं कर पाई।

हरमनप्रीत कौर पर भड़कीं पूर्व कप्तान
भारत की हार से निराश पूर्व भारतीय कप्तान डायना एडुल्जी ने हरमनप्रीत कौर पर जमकर बरसी हैं। उन्होंने हरमनप्रीत कौर के विकेट को हार का बड़ा कारण बताया है। डायना एडुल्जी ने हरमनप्रीत कौर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि हरमनप्रीत जिस रन आउट का शिकार हुईं, उसमें वो अपना पूरा एफर्ट नहीं लगा पाईं थीं और इसीलिए उनके लापरवाही वाले रवैये से वो नाखुश हैं। डायना एडुल्जी ने हरमनप्रीत कौर के अलावा शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स की भी उनके गलत शॉट सेलेक्शन को लेकर आलोचना की है।

कैसे रन आउट हुईं थीं हरमनप्रीत कौर?
आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में टीम इंडिया आसानी से जीत की ओर बढ़ रही थी। कप्तान हरमनप्रीत कौर हाफ सेंचुरी करने के बाद क्रीज पर टिकी हुईं थी, लेकिन 15वें ओवर में हरमनप्रीत कौर डबल रन लेते वक्त रन आउट हो गई थीं। उनका बल्ला जमीन में धंस गया था और एलिसा हीली ने उन्हें रनआउट कर दिया था। हरमनप्रीत कौर को उस वक्त यह लगा था कि वो आसानी से क्रीज में पहुंच जाएंगी, लेकिन बल्ला जमीन में अटकने की वजह से वो क्रीज में नहीं पहुंच पाईं। डायना एडुल्जी ने इसी को हरमनप्रीत कौर की लापरवाही करार दिया है।

जॉगिंग कर रही थीं हरमनप्रीत कौर- डायना
डायना एडुल्जी ने हरमनप्रीत कौर के विकेट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है,"वह सोच रही हैं कि बल्ला फंस गया है, लेकिन अगर आप दूसरा रन देखेंगे तो वह जॉगिंग कर रही थीं। जब आप जानते हैं कि आपका विकेट इतना महत्वपूर्ण है तो आप आराम से क्यों दौड़ रहे हैं? आपको जीतने के लिए पेशेवर क्रिकेट खेलना होगा। उन दो रनों को बचाने के लिए पेरी की डाइव देखें। यही पेशेवर क्रिकेट है।" आपको बता दें कि इस अजीब रन आउट का शिकार होने के बाद हरमनप्रीत कौर भी अपना विकेट गिरने से नाखुश दिखी थीं। उन्होंने ग्राउंड पर बल्ला मारकर अपना गुस्सा जाहिर किया था।












Click it and Unblock the Notifications