RCB के कप्तान ने इस खिलाड़ी की तुलना धोनी से की, साथ में ही हुई थी करियर की शुरुआत
नई दिल्ली, अप्रैल 06। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने राजस्थान रॉयल्स को 4 विकेट से हरा दिया था। RCB की इस जीत के हीरो रहे थे दिनेश कार्तिक, जिन्होंने 23 गेंदों में 44 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 7 चौके और एक छक्का जड़कर बेहतर फिनिशर का रोल अदा किया। हालांकि कार्तिक के अलावा आरसीबी की जीत में शहबाज अहमद का भी योगदान रहा था। उन्होंने 26 गेंदों में 45 रन की पारी खेली थी।

धोनी की तरह खेलने लगे हैं कार्तिक- फाफ
राजस्थान के खिलाफ मिली जीत के बाद RCB के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने दिनेश कार्तिक की तारीफ की और उनकी तुलना महेंद्र सिंह धोनी से कर दी। उन्होंने कहा कि कार्तिक ने जिस अंदाज में मैच को खत्म किया था, उसे देखते हुए मुझे उनके अंदर धोनी की छवि नजर आई। आरसीबी के यूट्यूब चैनल पर बोलते हुए कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने कहा कि दिनेश कार्तिक भी धोनी जैसे स्तर के खिलाड़ी हैं। आपको बता दें कि धोनी को दुनिया का सबसे बेहतर फिनिशर कहा जाता है। धोनी और दिनेश कार्तिक एक ही समय से क्रिकेट खेल रहे हैं।

दबाव में भी शांत स्वभाव रहता है कार्तिक का- फाफ
फाफ डु प्लेसिस ने आगे कहा, "मैं साफ तौर पर धोनी और कार्तिक में काफी समानताएं देख रहा हूं। इस साल कार्तिक के अंदर धोनी का फिनिशर वाला रूप देखा जा रहा है, जो उन्हें खेल में सर्वश्रेष्ठ बनाता है। मैं लंबे समय तक DK के खिलाफ खेला हूं और वह हमेशा से बहुत खतरनाक खिलाड़ी रहे हैं।" फाफ ने आगे कहा कि कार्तिक खेल के शोर और दबाव के बीच शांत रहते हैं, और जानते हैं कि वास्तव में क्या करना है। यही खूबी हमें धोनी के अंदर नजर आती है।

कप्तान ने शहबाज अहमद की भी की तारीफ
फाफ डु प्लेसिस ने इस दौरान दिनेश कार्तिक के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाने वाले शहबाज अहमद की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि शहबाज बिना किसी डर के बल्लेबाजी करते हैं और उनका यह बेखौफ अंदाज ही उन्हें सबसे अलग बनाता है। डु प्लेसिस ने कहा कि शहबाज अहमद अविश्वसनीय हैं, वो बिना किसी डर के बल्लेबाजी करते हैं। डीके के साथ मिलकर उन्होंने जो पार्टनरशिफ की, हम उसी से मैच जीते हैं।












Click it and Unblock the Notifications