आरसीबी की जीत पर विजय माल्या ने किया खुद को क्रेडिट देने का प्रयास? सोशल मीडिया पर दी बड़ी प्रतिक्रिया
RCB vs PBKS: भारतीय बैंकों के पैसों को लेकर विदेश भागने वाले भगोड़े और आरसीबी के पूर्व मालिक विजय माल्या ने टीम के जीत के बाद बड़ी प्रतिक्रिया दी है। विजय माल्या ने सोशल मीडिया पर लम्बा पोस्ट लिखते हुए आरसीबी की खिताबी जीत का क्रेडिट खुद को देने का प्रयास किया है।
विजय माल्या ने एक्स पर लिखा कि आरसीबी आखिरकार 18 साल बाद आईपीएल चैंपियन बन गई है। पूरे 2025 टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन रहा। एक संतुलित टीम ने बेहतरीन कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ के साथ "प्ले बोल्ड" अंदाज़ में खेला। ढेरों बधाइयाँ!

इसके बाद कोहली का सलेक्शन करने को लेकर भी एक बार फिर से माल्या की प्रतिक्रिया आई। इस बार उन्होंने लिखा कि जब मैंने आरसीबी की स्थापना की थी, तो मेरा सपना था कि आईपीएल ट्रॉफी बेंगलुरु आए। मुझे यह सौभाग्य मिला कि मैंने युवावस्था में महान खिलाड़ी किंग कोहली को चुना, और यह अद्भुत है कि उन्होंने पिछले 18 वर्षों से आरसीबी के साथ अपना जुड़ाव बनाए रखा। मुझे यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल और मिस्टर 360 एबी डिविलियर्स को चुनने का भी सम्मान मिला, जो आरसीबी के इतिहास का अमिट हिस्सा हैं।
माल्या ने अपनी बात समाप्त करते हुए लिखा कि आखिरकार, आईपीएल ट्रॉफी बेंगलुरु पहुँच गई। उन सभी को बधाई और धन्यवाद जिन्होंने मेरे इस सपने को साकार किया। आरसीबी फैंस सबसे बेहतरीन हैं और वे इस ट्रॉफी के असली हकदार हैं।
उल्लेखनीय है कि एक समय आरसीबी विजय माल्या के हाथों में थी। उस समय यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड को विजय माल्या संचालित करते थे। आज भी यही कम्पनी आरसीबी को चलाती है लेकिन इस कम्पनी के सीईओ और एमडी अब प्रवीन सोमेश्वर हैं। इस कम्पनी ने आरसीबी को खरीदा था। यूएसएल सबसे सस्ती शराब मैक्डॉवेल्स की निर्माता कम्पनी है। इस तरह विजय माल्या आरसीबी के पूर्व मालिक हो सकते हैं लेकिन अब टीम से उनका कोई लेना-देना नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications