जिस अफरीदी ने भारत को कोसा, उसी से मिले अजय देवगन? वायरल तस्वीर से भड़के लोग, आयोजकों ने मांगी माफी
Shahid Afridi meet Ajay Devgn: सोशल मीडिया पर इन दिनों बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन और पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी की एक साथ वायरल हो रही तस्वीरें चर्चा में हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या अजय देवगन ने वर्ल्ड चैम्पियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL 2025) के दौरान शाहिद अफरीदी से मुलाकात की? खासकर तब जब भारत-पाकिस्तान मैच रद्द हुआ और आतंकवादी हमले के बाद माहौल बेहद संवेदनशील है। तो चलिए हम आपको बताते हैं कि आखिर इस तस्वीर की सच्चाई क्या है।
पुरानी तस्वीर हो रही वायरल (Shahid Afridi meet Ajay Devgn)
असल में, यह तस्वीरें अभी की नहीं बल्कि पिछले साल की हैं। 2024 में WCL के पहले संस्करण के दौरान अजय देवगन बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में मौजूद थे, जहां भारत और पाकिस्तान की टीमें फाइनल में आमने-सामने थीं। उसी दौरान अजय देवगन और शाहिद अफरीदी की मुलाकात हुई थी, जो अब की बताकर वायरल की जा रही है। साफ है कि ये तस्वीर पुरानी है।

रद्द हुआ भारत-पाक मैच
साल 2025 में WCL टूर्नामेंट का आयोजन फिर से हो रहा है और अजय देवगन इस टी-20 लीग के को-ओनर भी हैं। लेकिन इस बार जैसे ही भारत और पाकिस्तान के बीच 20 जुलाई को मैच तय हुआ, सोशल मीडिया पर गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने सवाल उठाए कि जब हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष भारतीय मारे गए, तब भारत को पाकिस्तान के खिलाफ क्रिकेट मैच नहीं खेलना चाहिए।
आयोजकों ने मांगी माफी
इस जनविरोध को देखते हुए आयोजकों ने ऐन मैच के दिन मुकाबला रद्द कर दिया और माफी मांगी। आयोजकों ने अपने बयान में कहा कि हम उन सभी लोगों से माफी मांगते हैं जिनकी भावनाएं आहत हुई हैं। हमारा उद्देश्य केवल लोगों को कुछ खुशी के पल देना था। इस विवाद के बीच जब अजय देवगन और अफरीदी की पुरानी तस्वीरें सामने आईं, तो भ्रम फैल गया कि शायद उन्होंने हाल ही में मुलाकात की है। लेकिन यह साफ हो चुका है कि यह तस्वीरें पिछले साल की हैं और इस बार अजय देवगन ने अफरीदी से कोई मुलाकात नहीं की।
वहीं, इस विवाद के बीच भारत की ओर से कई पूर्व खिलाड़ी जैसे शिखर धवन, इरफान पठान, सुरेश रैना और हरभजन सिंह ने भी पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने से मना कर दिया। शिखर धवन ने तो यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने पहले ही 11 मई को आयोजकों को अपने फैसले से अवगत करा दिया था।












Click it and Unblock the Notifications