'क्या पूरन के खिलाफ नर्वस हो गई थी दिल्ली कैपिटल्स', हैदराबाद पर जीत के बाद मिचेल मार्श ने किया बड़ा दावा
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में लीग स्टेज के 50 मैच पूरे हो चुके हैं और अभी भी प्लेऑफ में जगह बनाने के लिये 8 टीमों के बीच उठा पटक जारी है। गुरुवार को आईपीएल 2022 के 50वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स की टीम का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से हुआ, जिसने मुंबई के ब्रॉबोर्न स्टेडियम में अपनी लगातार चौथी दर्ज करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को 21 रनों से मात दी और अंकतालिका में लंबी छलांग लगाते हुए पांचवे पायदान पर कब्जा जमा लिया है। वहीं पर सनराइजर्स हैदराबाद की टीम अंकतालिका में छठे पायदान पर खिसक गई है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम के लिये इस मैच में पहले डेविड वॉर्नर ने नाबाद 92 रनों की पारी खेली तो वहीं पर रॉवमैन पॉवेल ने नाबाद 67 रनों का योगदान देकर टीम को 207 रनों के स्कोर पर पहुंचाया।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने इस सीजन तीसरी बार 200 से ज्यादा रनों के लक्ष्य को खड़ा किया और जवाब में हैदराबाद की टीम निकोलस पूरन (62) और एडेन मार्करम (42) की आतिशी पारियों के बावजूद 186 रन के स्कोर तक ही पहुंच पाई। दिल्ली कैपिटल्स की टीम को अब अपना अगला मुकाबला रविवार को डॉ डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी, मुंबई में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलना है।
और पढ़ें: उमरान मलिक ने फेंकी IPL इतिहास की दूसरी सबसे तेज गेंद, पहले पायदान पर जानें किसका है नाम

हमने उठाया सही कदम
दिल्ली कैपिटल्स के लिये खलील अहमद (3 विकेट) और शार्दुल ठाकुर (2 विकेट) ने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन किया तो वहीं पर ऑलराउंडर मिशेल मार्श ने भी बल्ले से 10 रन का योगदान तो गेंदबाजी में 36 रन देकर एक विकेट हासिल किया। जीत के बाद मिचेल मार्श ने दावा किया है कि दिल्ली को मिली यह जीत यह साफ करती है कि हमारी टीम ने सही दिशा में एक कदम उठाया है।
उन्होंने कहा, "जीत बहुत अच्छी होती है। उम्मीद है, यह जीत टूर्नामेंट के बाकी बचे मैचों को लेकर हमारे लिए माहौल तैयार करेगी। इस टूर्नामेंट में 10 टीमें हैं और हर टीम मजबूत है। ऐसे में जिस तरह से हम सभी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ प्रदर्शन किया, वह सही दिशा में लिया गया एक कदम था।"

क्या पूरन के चलते नर्वस हो गये थे मिचेल मार्श
इस दौरान जब मिचेल मार्श से 17वें ओवर में निकोलस पूरन की आतिशी बल्लेबाजी को भी लेकर सवाल किया गया कि जब वो मैदान पर बल्लेबाजी कर रहे थे, तो हैदराबाद की टीम मैच में खुद को बरकरार महसूस कर रही थी, ऐसे में क्या वो नर्वस महसूस कर रहे थे।
इस सवाल के जवाब पर मार्श ने कहा, "मुझे मेरे साथियों पर बहुत भरोसा था। हम उस स्थिति में मैच में वापसी करने से सिर्फ एक विकेट दूर थे। मुझे लगता है कि टूर्नामेंट के इस पड़ाव में इस तरह के हालात से दो-चार होना अच्छा है। इससे हमें आगे फायदा मिलेगा। हमने एक गेंदबाजी इकाई के रूप में दबाव में सराहनीय प्रदर्शन किया वो वाकई काबिले तारीफ था।"

टीम के लिये प्रदर्शन करना अच्छा होता है
इस मैच में दिल्ली के तेज गेंदबाज खलील अहमद ने 30 रन देकर 3 विकेट लिए। खलील मानते हैं कि भले ही दिल्ली कैपिटल्स ने तीन विकेट पर 207 रन बनाए लेकिन फिर भी एसआरएच की पारी के दौरान उनके गेंदबाजों के पास थोड़ा भी ढीला पड़ने का कोई मौका नहीं था।
उन्होंने अपने प्रदर्शन को लेकर कहा, 'टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करना हमेशा अच्छा लगता है और खासतौर पर अगर वह प्रदर्शन टीम को जीत दिलाने में मदद करता है तो यह और भी सुखद अहसास होता है। मैं खुश हूं, लेकिन हमें अभी भी बहुत काम करना है। हमें चार मैच खेलने हैं और हमें ज्यादा से ज्यादा मैच जीतने हैं। हमारे पास बचाने के लिए 200 से अधिक रन थे, लेकिन हम एक ऐसी विकेट पर खेल रहे थे जहां इस स्कोर का पीछा किया जा सकता था। उनकी टीम के पास बड़े हिटर भी थे। हमने ओवर-दर-ओवर रणनीति पर खेल को आगे बढ़ाया और हर गेंद पर अपना पूरा प्रयास झोंका।"












Click it and Unblock the Notifications