उमरान मलिक ने फेंकी IPL इतिहास की दूसरी सबसे तेज गेंद, पहले पायदान पर जानें किसका है नाम
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 50वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के बीच खेला जा रहा है, जहां पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर (92) और रॉवमैन पॉवेल (67) की नाबाद अर्धशतकीय पारियों के दम पर निर्धारित 20 ओवर्स में 3 विकेट खोकर 207 रनों का स्कोर खड़ा किया है। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के लिये इस मैच में भुवनेश्वर कुमार (4 ओवर्स 25 रन) को छोड़कर कोई भी गेंदबाज किफायती साबित नहीं हो सका, जिन्होंने एक ओवर मेडेन भी फेंका।

वहीं टीम के उभरते हुए तेज गेंदबाज उमरान मलिक इस मैच में सबसे महंगे साबित हुए और 4 ओवर में 13 की इकॉनमी से 52 रन लुटा दिये। इस दौरान वो एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके। उमरान मलिक सनराइजर्स हैदराबाद के लिया पारी का आखिरी ओवर फेंकने आये जिसमें पॉवेल ने एक छक्के और 3 चौकों की मदद से 19 रन बटोरे और आखिरी 5 ओवर्स में 70 रन जोड़कर स्कोर को 207 पर पहुंचा दिया।
और पढ़ें: 'अब कोहली को हर गेंदबाज चटा रहा है धूल', कैरिबियाई दिग्गज ने फॉर्म को लेकर जताई चिंता

उमरान ने फेंकी आईपीएल इतिहास की दूसरी सबसे तेज गेंद
आखिरी ओवर में उमरान मलिक भले ही काफी महंगे साबित हुए हों लेकिन इसी ओवर में इस गेंदबाज ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उमरान मलिक ने इस ओवर में आईपीएल 2022 की सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड अपने नाम किया जिस पर पॉवेल ने चौका लगाया। उमरान मलिक ने इस ओवर की पहली गेंद 153 किमी की गति से फेंकी जिस पर पॉवेल ने छक्का लगाया, तो वहीं चौथी गेंद 157 किमी और पांचवी गेंद 155 किमी की गति से फेंकी। इन दोनों ही गेंदों पर पॉवेल ने चौका लगाने का कारनामा किया। उमरान मलिक ने 157 किमी की गति के साथ ही न सिर्फ आईपीएल 2022 की सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड अपने नाम किया बल्कि आईपीएल इतिहास की दूसरी सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

इस गेंदबाज के नाम है सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड
उल्लेखनीय है कि आईपीएल इतिहास में सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड शॉन टेट के नाम है जिन्होंने राजस्थान रॉयल्स की ओर से 2010 से लेकर 2013 के बीच 4 सीजन में 21 मैचों में शिरकत की थी। साल 2011 में शॉन टेट ने दिल्ली की टीम के खिलाफ 157.71 की स्पीड से गेंद फेंकी जिसका सामना एरॉन फिंच ने किया। एक दशक बाद भी यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के इस दिग्गज गेंदबाज के नाम है। वहीं उमरान मलिक ने दिल्ली के खिलाफ 157 किमी की गति से गेंद फेंककर दूसरे पायदान पर कब्जा जमा लिया है।

इन गेंदबाजों का नाम भी है फेहरिस्त में शामिल
वहीं सबसे तेज गेंदबाजों की फेहरिस्त पर नजर डालें तो एनरिच नॉर्खिया का नाम भी इसमें शामिल हैं जिन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिये पिछले दो सीजन में लगातार शानदार गेंदबाजी की है। आईपीएल 2020 से नॉर्खिया ने लगातार 150 से ऊपर की गति से गेंदबाजी की है। आईपीएल 2020 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ नॉर्खिया ने अपने पहले ही ओवर की पांचवी गेंद पर आईपीएल इतिहास की तीसरी सबसे तेज गेंद फेंकी और 156.2 किमी की स्पीड हासिल की जिस पर बटलर ने इस पर चौका लगा दिया। वहीं नॉर्खिया ने अगली गेंद 155.21 की की गति से फेंकी और बटलर को बोल्ड मारकर चौथी सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वहीं उमरान ने 155 की गति से गेंद फेंक कर पांचवी सबसे तेज का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इस फेहरिस्त में डेल स्टेन (154.4), कगिसो रबाडा (154.23, 153.91) का नाम भी शामिल है जबकि उमरान मलिक लगातार इस लिस्ट में अपना नाम बरकरार रखे हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications