टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का दरवाजा खटखटा रहा है यह युवा खिलाड़ी, बल्ले से बरस रहे हैं रन
नई दिल्ली, जुलाई 08। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए करीब तीन महीने का समय बाकि है। अगले 1-2 महीने के अंदर चयनकर्ता वर्ल्ड कप के लिए टीम की घोषणा करेंगे। ऐसे में हर खिलाड़ी उस उस टीम में जगह बनाना चाहता है। टी20 वर्ल्ड कप के लिए वैसे तो 8-10 खिलाड़ियों के नाम एकदम पक्के हैं, लेकिन फिर भी हर प्लेयर अपनी तरफ से पूरा प्रयास कर रहा है। ऐसे ही एक प्लेयर के बारे में हम आपको बताते हैं, जो वर्ल्ड कप टीम में चुने जाने के लिए इस वक्त प्रबल दावेदार है।

दीपक हुड्डा की दावेदारी है मजबूत
इंग्लैंड में इस वक्त टीम इंडिया का हिस्सा बने हुए दीपक हुड्डा टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं। दरअसल, दीपक हुड्डा का प्रदर्शन वर्ल्ड कप टीम के लिए दावेदारी पेश कर रहा है, क्योंकि इस खिलाड़ी ने पिछले 4 मैचों के अंदर जिस अंदाज में बल्लेबाजी की है वो काबिल ए तारीफ है। दीपक हुड्डा अटैकिंग प्लेयर हैं और टॉप ऑर्डर में विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। हुड्डा ने आईपीएल में भी अच्छा प्रदर्शन किया था।

दीपक हुड्डा का प्रदर्शन
आपको बता दें कि दीपक हुड्डा ने भारत के लिए अभी तक 6 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 4 मुकाबले उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर खेले हैं। दीपक हुड्डा हाल ही में खत्म हुई आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में टीम का हिस्सा थे। उन्हें कोहली की जगह टीम में शामिल किया गया था। आयरलैंड के खिलाफ सीरीज के दो मैचों में हुड्डा ने एक में शतक और एक में 47 रन की पारी खेली थी। गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ भी उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों में 33 रन बनाए थे। दीपक हुड्डा ने पिछले 4 टी20 मुकाबलों में 172.26 के स्ट्राइक रेट से 205 रन बनाए हैं।

क्या कोहली के आने के बाद हुड्डा हो जाएंगे बाहर?
आपको बता दें कि दीपक हुड्डा को विराट कोहली की जगह टीम में शामिल किया गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि विराट को आयरलैंड के खिलाफ सीरीज और इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में आराम दिया गया था। अब कोहली दूसरे टी20 में टीम का हिस्सा होंगे, लेकिन ऐसे में यह सवाल बना हुआ है कि क्या हुड्डा को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाएगा या नहीं। बैटिंग ऑर्डर में भी दीपक हुड्डा विराट के नंबर 3 पर ही खेलते हैं।












Click it and Unblock the Notifications