'मुझे पता था सिर्फ मैंं ही यह कर सकता हूं', कोलकाता को ढेर करने के बाद बोले कुलदीप यादव
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 19वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के बीच खेला गया, जहां पर केकेआर की टीम अपनी जीत की लय को बरकरार नहीं रख सकी और दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 44 रनों से जीत हासिल की। दिल्ली कैपिटल्स की टीम की जीत के लिये उसके लेग स्पिनर कुलदीप यादव ने सबसे अहम भूमिका निभाई और 4 विकेट हासिल कर लिये।

नवी मुंबई के मैदान पर खेले गये इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 216 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम 171 रन ही बना सकी और 44 रन से मैच हार गई। रनों का पीछा करते हुए इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने 12वें ओवर तक अपना दबदबा बनाये रखा था लेकिन कुलदीप यादव ने एक ही ओवर में 3 विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया और अपनी टीम को जीत दिला दी।
और पढ़ें: RR vs LSG: सांस रोक देने वाले मैच में कुलदीप सेन बने हीरो, आखिरी ओवर के रोमांच में जीता राजस्थान

हमारे लिये गेंदबाजी रहा सबसे पॉजिटिव पक्ष
मैच के बाद कुलदीप यादव ने अपनी टीम की जीत पर बात करते हुए कहा, "इस सीजन में हमारी गेंदबाजी हमारा सबसे बड़ा पॉजिटिव पहलू रहा है। जब हम अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ गेंदबाजी कर रहे थे, तो एक समय ऐसा लग रहा था कि वे 200 से अधिक का स्कोर बनाने जा रहे थे, लेकिन हमने उन्हें पांच विकेट पर 177 रनों पर सीमित कर दिया। हमारे तेज गेंदबाज वास्तव में अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। उन्होंने केकेआर के खिलाफ पावरप्ले में दबाव बनाए रखा, जिससे हमें बाद में बिना किसी दबाव के गेंदबाजी करने की का मौका मिला।"

सिर्फ मैं ही ले सकता था वो कैच
केकेआर के खिलाफ 35 रन देकर चार विकेट लेने वाले कुलदीप को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। कुलदीप यादव अपनी ही गेंद पर उमेश यादव का एक बेहतरीन रनिंग कैच लिया था।
इसे लेकर कुलदीप ने कहा, "मुझे पता था कि केवल मैं ही वह कैच लपक सकता था क्योंकि गेंद दूसरों से काफी दूर थी। मैंने दौड़ते वक्त गेंद पर अपनी नजर बनाए रखी और अंत में गेंद तक पहुंचने में कामयाब रहा। वह कैच लेकर वास्तव में अच्छा लगा।"

5 दिन के बाद दिल्ली खेलेगी दूसरा मैच
अब अगला मैच खेलने से पहले दिल्ली कैपिटल्स के पास पांच दिनों का ब्रेक है। इस लंबे ब्रेक से पहले केकेआर पर मिली इस जीत के महत्व के बारे में पूछे जाने पर कुलदीप ने कहा, "ये दो अंक वास्तव में हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। टीम का मनोबल ऊंचा होगा क्योंकि अब हम शनिवार को अपना अगला मैच खेलेंगे। यह जीत यह भी सुनिश्चित करेगी कि पांच दिन के ब्रेक के दौरान हमारे कैंप में पॉजिटिव एनर्जी बनी रहे।"

फील्डिंग में कर रहे हैं हम सुधार
कुलदीप ने इस सीजन में टीम की बेहतरीन फील्डिंग के बारे में भी बात की। कुलदीप ने कहा, "जब आपकी टीम में बहुत सारे युवा खिलाड़ी होते हैं तो आप अच्छी फील्डिंग की भी उम्मीद करते हैं। और हम हर मैच में अपनी फील्डिंग में सुधार का प्रयास कर रहे हैं। कुल मिलाकर, हमारी फील्डिंग भी बेहतर हो रही है।"
दिल्ली कैपिटल्स टीम अब टाटा आईपीएल 2022 के अपने अगले मैच में शनिवार, 16 अप्रैल 2022 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ खेलेगी।












Click it and Unblock the Notifications