'IPL ऑक्शन में इस खिलाड़ी को नहीं खरीद पाती कोई भी फ्रेंचाइजी', गंभीर के बयान पर क्रिकेटर ने तोड़ी चुप्पी
ipl auction 2023, Dasun Shanaka: इस साल होने वाली आईपीएल मिनी ऑक्शन में कई खिलाड़ियों पर करोड़ों की बारिश देखने को मिली। वहीं कुछ खिलाड़ी नीलामी के दौरान अनसोल्ड रह गए।

ipl auction 2023, Dasun Shanaka: श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका की गिनती बेहतरीन ऑलराउंडरों में की जाती है। हाल ही में भारत दौरे पर आए दासुन शनाका ने बल्ले से टीम के लिए कई अहम पारियां खेली। इस दौरान उन्होंने अपने टी-20 करियर का सबसे तेज अर्धशतक भी लगाया। भारत के खिलाफ उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। खासतौर पर भारतीय पिचों पर उनके बल्ले से जमकर रन निकलते हैं।

आईपीएल में नहीं मिला कोई खरीदार
भारत में आकर आईपीएल खेलने का सपना दुनियाभर के क्रिकेटरों का होता है। आईपीएल ने कई नए क्रिकेटर को पहचान दिलाई है। लेकिन कुछ ऐसे खिलाड़ी भी हैं जिन्हें अब तक आईपीएल में हिस्सा लेने का मौका नहीं मिला है। दासुन शनाका का नाम भी उन्हीं क्रिकेटरों में है जो अब तक आईपीएल में नहीं खेल सके हैं। दासुन शनाका को लेकर गौतम गंभीर ने कहा था कि उन्हें खरीदने के लिए फ्रेंचाइजियों के पास पैसे कम पड़ जाते।

शनाका को नहीं खरीद पाती कोई भी फ्रेंचाइजी
दरअसल, पुणे में खेले गए दूसरे टी-20 मैच में 22 गेंद पर 6 छक्के और 2 चौके की मदद से शनका ने 56 रन बनाए थे। वह भारत के खिलाफ टी-20 मैच में 50 से ज्यादा रन 250 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। शनका की इस पारी के बाद आईपीएल फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर गौतम गंभीर ने शनाका को लेकर कहा कि उन्हें खरीदने के लिए टीमों के पास पैसे नहीं बचते। गंभीर ने कहा कि अगर दासुन शनाका का प्रदर्शन ऑक्शन से पहले आता तो किसी भी फ्रेंचाइजी के पास इतने पैसे नहीं होते कि वह उन्हें खरीद सके।

गंभीर के बयान पर खिलाड़ी ने तोड़ी चुप्पी
आईपीएल ऑक्शन में महज़ 50 लाख बेस प्राइस पर भी अनसोल्ड रहने के बाद शनका ने अब अपनी दिल की बात कही है। हिंदुस्तान टाइम्स के साथ एक इंटरव्यू में शनाका ने आखिरकार नीलामी में अनसोल्ड रहने पर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा कि भारतीय पिच बल्लेबाजी के लिए मददगार होती है, इसलिए उन्हें यहां खेलने में मजा आता है। वह कुछ भी अलग करने का प्रयास नहीं करते, बस अपना स्वाभाविक खेल पर फोकस करते हैं।

भविष्य में आईपीएल खेलने की उम्मीद
शनका ने कहा कि जब भारत की बात आती है, तो पिचें बल्लेबाजी के अनुकूल होती हैं। इसलिए मैं उन परिस्थितियों का भरपूर लुत्फ उठाता हूं। मुझे आईपीएल में नहीं बिके जाने का कोई मलाल नहीं है। मुझे यकीन है कि भविष्य में भारत में मेरे लिए कुछ अच्छा होगा। मैं आईपीएल में खेलने के मौके का इंतजार कर रहा हूं। भारत श्रीलंका सीरीज में शनाका ने अपनी बल्लेबाजी से सभी को खासा प्रभावित किया था।












Click it and Unblock the Notifications