कटक का वो 'शर्मनाक' दिन! दर्शकों ने बोतलें फेंककर रुकवाया था गेम, धोनी ने दिया था चौंकाने वाला बयान
IND vs SA: साउथ अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया मंगलवार को पहला टी20 मुकाबला खेलने के लिए मैदान पर उतरने वाली है। टीम इंडिया ने एकदिवसीय सीरीज में धमाकेदार अंदाज में जीत दर्ज कर ली थी। इसके बाद अब मुकाला 20 ओवर प्रारूप में है। दोनों टीमों के बीच कटक में मैच का पहले भी इतिहास रहा है।
2015 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कटक के बाराबती स्टेडियम में खेला गया टी20 मुकाबला हंगामे से भरा हुआ था। इस हाई-वोल्टेज मैच के दौरान दर्शकों का गुस्सा इस कदर भड़क उठा कि अराजकता का माहौल बन गया। यह सब टीम इंडिया के बेहद निराशाजनक प्रदर्शन के बाद शुरू हुआ।

इस ऐतिहासिक भिड़ंत में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम महज़ 92 रन पर सिमट गई थी। टीम इंडिया के बल्लेबाजों के इस सामूहिक समर्पण से दर्शक दीर्घा में निराशा फैल गई। जब दक्षिण अफ्रीकी टीम अपनी पारी खेलने उतरी, तो फैंस का सब्र जवाब दे गया। अफ्रीका ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी।
दर्शकों ने अपना विरोध जताते हुए मैदान पर पानी की बोतलें फेंकना शुरू कर दिया। यह विरोध कुछ देर में ही ज़बरदस्त बवाल में बदल गया, जिसके कारण अंपायरों को मैच बीच में ही दो बार रोकना पड़ा। सुरक्षाकर्मियों को स्थिति नियंत्रित करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी।
मैदान पर मचे इस शोरगुल और बदनामी के बाद तत्कालीन कप्तान एमएस धोनी जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए, तो सभी को उनके तीखे जवाब की उम्मीद थी। लेकिन अपनी 'कैप्टन कूल' छवि के अनुरूप, धोनी ने इस पूरी घटना पर एक ऐसा जवाब दिया जो आज भी चर्चा में रहता है।
धोनी ने कहा था कि देखिए हमारे खिलाड़ी अपनी भावनाओं को संभालना जानते हैं। मुझे लगता है कि दर्शक शायद एन्जॉय कर रहे थे, क्योंकि इतने लंबे अंतराल के बाद कटक को कोई अंतरराष्ट्रीय मैच मिला था।
फैंस को उम्मीद है कि इस बार मैदान पर खेल का स्तर उच्च होगा और दर्शकों का जुनून केवल टीम इंडिया का उत्साहवर्धन करने तक ही सीमित रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications