IPL 2023: शिवम का कमाल या धोनी की चाल, रहाणे की राहत या जडेजा की फिनिशिंग, चेन्नई कैसे बना Super Kings?
CSK vs GT: गुजरात ने पहले 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 214 रन बनाए लेकिन फिर बारिश के कारण डकवर्थ लुईस नियम से चेन्नई को 15 ओवर में 171 रनों का टारगेट मिला था।

CSK vs GT, IPL Final 2023: आईपीएल 2023 का महासंग्राम खत्म हो चुका है और इस सीजन के विजेता 'चेन्नई सुपर किंग्स' बन चुके हैं। ये जीत कई मायनों में खास है क्योंकि इस बार के फाइनल में जो खिलाड़ी थे,हो सकता है कि वो आने वाले सीजन में नजर ना आएं , जिसमें कप्तान धोनी का भी नाम भी संभव है। फिलहाल सोमवार की रात गुजरात और चेन्नई दोनों ही टीमों के लिए काफी रोमांचक रही, जिसे दोनों ही टीमों के प्लेयर्स लंबे वक्त तक भूल नहीं पाएंगे। इस बार का आईपीएल फाइनल 'रिजर्व डे' पर खेला गया, जो कि IPL के इतिहास में पहली बार हुआ।
आईपीएल 2023 का फाइनल था अनोखा
मालूम हो कि आईपीएल का फाइनल पहले रविवार को होने वाला था लेकिन बेतहाशा बारिश के चलते ये सोमवार को शिफ्ट हुआ लेकिन यहां भी बारिश ने काफी विघ्न डालने की कोशिश की लेकिन वो सफल नहीं हो पाई और किस्मत और वक्त ने चेन्नई की टीम को मौका दिया, जिसे की टीम के खिलाड़ियों ने पूरी तरह से भूनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी और पांचवी बार टीम को आईपीएल का विजेता बनाकर सुनहरा इतिहास लिख दिया।
गुजरात ने 20 ओवर में 214 रन बनाए
आपको बता दें कि सोमवार को कैप्टन धोनी ने टॉस जीता था और उसके बाद उन्होंने गुजरात की टीम को बैटिंग करने का मौका दिया। गुजरात की पूरी टीम जीतने के इरादे से ही मैदान पर उतरी थी और उसने ताबड़तोड़ रन बनाकर एक कड़ा स्कोर चेन्नई को दिया लेकिन धोनी की रणनीति के आगे पांड्या की एक भी ना चली और 20 ओवर में 214 रन बनाने के बावजूद टीम खिताब को जीत नहीं पाई। मैच में कई ऐसे मौके आए जब लगा कि पांड्या ट्रॉफी को लिफ्ट कर सकते हैं लेकिन ऐसा हुआ नहीं और कप्तान धोनी ने एक बार फिर से अपनी कप्तानी में चेन्नई को खिताब दिला दिया।
आइए जानते हैं चेन्नई की टीम की जीत के पांच बड़े कारण
धोनी ने किया शुभमन गिल का शिकार
सोमवार के मैच में पांड्या की टीम के 'मिस्टर स्टार' यानी कि शुभमन गिल का दो बार कैच छोड़ना चेन्नई को नुकसान दिला सकता था क्योंकि गिल ने चेन्नई के बॉलरों की धज्जियां उड़ाते हुए 19 गेंदों पर 39 रन बना डाले थे। दीपक चाहर की दो बार की गलती पर धोनी को गुस्सा भी आया इसलिए तीसरी बार में उन्होंने कोई गलती नहीं की और स्पिनर रवींद्र जडेजा की बॉल को गिल ने जैसे ही आगे निकलकर मारना चाहा धोनी ने स्टंप की धज्जियां उड़ा दी और यहीं पर पांड्या की टीम की रफ्तार को ब्रेक लग गया।
शिवम दूबे का कमाल
मैच में लक्ष्य कठिन था लेकिन चेन्नई सुपरकिंग्स 'करो या मरो' वाले इरादे से मैदान पर उतरे थे। 78 रनों पर दो विकेट होने के बाद मैदान पर आए बैटसमैन शिवम दूबे ने समझदारी का खेल दिखाया और चेन्नई को जीत के मुहाने पर ला खड़ा किया। उन्होंने 21 गेंदों पर नाबाद 32 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम की जीत में अहम रोल निभाया।
अजिंक्य रहाणे ने दी राहत
नंबर चार पर उतरे अजिंक्य रहाणे की बैटिंग राहत देने वाली थी, उन्होंने 13 गेंदों पर ताबड़तोड़ 27 रन बनाकर मैच का रूख सुपर किंग्स की ओर कर दिया।
अंबाती का प्रदर्शन लाजवाब
अपना अंतिम आईपीएल खेल रहे अंबाती रायडू ने वो ही किया, जिसके लिए वो जाने जाते है। कप्तान धोनी के 'गोल्डन डक' पर आउट होने के बाद भी उन्होंने टीम को 8 गेंदों पर 19 रन बनाकर दिए।
जडेजा ने निभाई फिनिशर की भूमिका
धोनी को दुनिया का सबसे बड़ा फिनिशर माना जाता है और धोनी ने पिछले सीजन में ये बता दिया था कि वो चेन्नई टीम में अपना उत्तराधिकारी रविंद्र जडेजा को मानते हैं और इस मैच में जडेजा ने ये सबित भी कर दिया कि वो धोनी के जैसे ही मैच को फिनिश कर सकते हैं और धोनी उनके बारे में जो सोचते हैं वो गलत नहीं हैं। आखिरी 2 गेंदों पर जिस तरह से उन्होंने छक्का और चौका जड़ा, उसने क्रिकेट प्रेमियों को पूरी तरह से रोमांचित कर दिया था। वो वक्त भावुक करने वाला था, जो क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में कैद हो चुका है और इस तरह से चेन्नई पांचवी बार आईपीएल विजेता बन बैठा।












Click it and Unblock the Notifications