'आपने अपनी पहली मोहब्बत को हमेशा सब कुछ दिया', चेतेश्वर पुजारा की पत्नी ने सरेआम बताया सच
Cheteshwar Pujara Wife posts: भारतीय टेस्ट टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने रविवार, 24 अगस्त को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट्स से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। 37 साल के पुजारा ने यह जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर की। भारतीय जर्सी में एक दशक से ज्यादा समय तक खेलते हुए उन्होंने कई यादगार पारियां खेलीं और टीम इंडिया को कई मुश्किल हालात से निकालने का काम किया।
चेतेश्वर पुजारा ने अचानक लिया संन्यास (Cheteshwar Pujara Wife posts)
चेतेश्वर पुजारा ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि भारतीय जर्सी पहनना, राष्ट्रगान गाना और मैदान पर हर बार अपना सर्वश्रेष्ठ देना। इसे शब्दों में बयां करना असंभव है। लेकिन जैसा कहा जाता है कि हर अच्छी चीज का अंत होता है, उसी तरह अब वक्त आ गया है। मैं भारतीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट्स से संन्यास ले रहा हूं। आप सभी के प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद।

चेतेश्वर पुजारा का ऐसा रहा है प्रदर्शन
चेतेश्वर पुजारा ने भारत के लिए 103 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 7,195 रन बनाए। उनका औसत 43.60 रहा और उन्होंने 19 शतक और 35 अर्धशतक लगाए। हालांकि वनडे में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले और उन्होंने सिर्फ 5 मैचों में 51 रन बनाए। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज पहले ही टेस्ट से सन्यास ले चुके हैं। अब इस लिस्ट में चेतेश्वर पुजारा का नाम भी जुड़ गया है।
पुजारा की पत्नी का इमोशनल पोस्ट
संन्यास की खबर के बाद उनकी पत्नी पूजा पाबरी ने भी एक भावुक पोस्ट लिखी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2018-19 की ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज की झलक भी शामिल थी। पूजा ने लिखा कि आपका सफर हमेशा शांत और गरिमापूर्ण रहा। मैदान पर आपको खेलते देखना, हर मैच से पहले की घबराहट और क्रिकेट के लिए किए गए एडजस्टमेंट अब याद आएंगे। लेकिन अब समय है कि हम वे पल साथ बिताएं, जो छूट गए थे।
साल 2013 में हुई थी शादी
इस पोस्ट में पूजा ने यह भी कहा कि पुजारा के करियर ने उन्हें जिंदगी की बहुत सी बातें सिखाईं। उन्होंने लिखा कि आपको खेलते देखना मेरे लिए जीवन का सबसे बड़ा सबक रहा है। क्रिकेट आपकी पहली मोहब्बत थी और आपने हमेशा अपना सब कुछ दिया। बता दें कि पुजारा और पूजा की शादी 13 फरवरी 2013 को हुई थी और दोनों की एक बेटी है।












Click it and Unblock the Notifications