कॉन्वे-गायकवाड़ ने रखी नींव तो धोनी ने कर दी रनों की बरसात, कुलदीप-शार्दुल की उड़ा दी धज्जियां
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 55वां मैच मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम पर खेला जा रहा है, जहां पर जीत की उम्मीद लिये दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला हुआ। दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, हालांकि सीएसके के लिये लगातार तीसरे मैच में डेवॉन कॉन्वे (87) और ऋतुराज गायकवाड़ (41) ने एक बार फिर अच्छी शुरुआत दिलाते हुए शतकीय साझेदारी कर डाली, तो वहीं पर शिवम दुबे (32) और कप्तान एमएस धोनी (21) की विस्फोटक पारियों के चलते सीएसके की टीम ने निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट खोकर 208 रनों का स्कोर खड़ा कर डाला।

सीएसके की टीम ने आईपीएल 2022 में चौथी बार 200 से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया है, ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स की टीम के लिये रन चेज आसान नहीं रहने वाला है। दिल्ली कैपिटल्स के लिये सिर्फ खलील अहमद ही सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए जिन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में 28 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किये तो वहीं पर अक्षर पटेल ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 23 रन दिये।
और पढ़ें: हैदराबाद की कमर तोड़ पर्पल कैप के करीब पहुंचे हसरंगा, लिया IPL करियर का पहला 5 विकेट हॉल
इन दोनों गेंदबाजों के अलावा दिल्ली कैपिटल्स के हर गेंदबाज ने 10 से ज्यादा की इकॉनमी से रन लुटाये और मैदान के चारों तरफ चौके-छक्के खाये। जहां दिल्ली कैपिटल्स के सबसे इन फॉर्म गेंदबाज कुलदीप यादव को महज 3 ओवर के स्पेल में 43 रन पड़े तो वहीं पर शार्दुल ठाकुर ने भी 3 ओवर में 38 रन दे डाले। मिचेल मार्श ने भी 3 ओवर में 34 रन दिये लेकिन 19 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्के की मदद से 32 रन बना चुके शिवम दुबे का विकेट अपने नाम किया।
सीएसके के लिये ऋतुरात गायकवाड़ और डेवोन कॉन्वे ने विस्फोटक अंदाज में पारी का आगाज करते हुए पहले विकेट के लिये 110 रनों की साझेदारी की, जिसे एनरिच नॉर्खिया ने तोड़ने का काम किया। नॉर्खिया ने गायकवाड़ का विकेट लेकर सीएसके को पहला झटका दिया, जिसके बाद कॉन्वे ने शिवम दुबे के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिये 59 रनों की साझेदारी कर डाली। मार्श ने साझेदारी को तोड़ा तो वहीं पर खलील अहमद ने कॉन्वे और अंबति रायडु का विकेट लेकर दिल्ली की वापसी कराई।
कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने फैन्स को एक बार फिर अपना पुराना अंदाज दिखाया और महज 8 गेंदों में 21 रन बना डाले। धोनी ने इस दौरान 2 छक्के और एक चौका लगाया और अपनी टीम को निर्धारित 20 ओवर्स में 208 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया। एनरिच नॉर्खिया ने भी 4 ओवर में 42 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किये।












Click it and Unblock the Notifications