World Cup 2023: वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान को पसंद आए भारत के ये दो शहर, जानें क्या है लेटेस्ट अपडेट
आईसीसी के सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 2023 वनडे विश्व कप के अधिकांश मैच चेन्नई और कोलकाता में खेलना पसंद करेगी। विश्व कप के 5 अक्टूबर को शुरू होने की संभावना है, वर्ल्ड कप के दौरान कुल 46 मैच होंगे।

ODI World Cup 2023: भारत और पाकिस्तान के बीच वनडे वर्ल्ड कप 2023 के दौरान मैच कहां खेले जाएंगे इसको लेकर चल रही तमाम अकटलों के बीच अब हल निकलता दिख रहा है। भारत में इस साल के आखिर में होने वाले विश्व कप में पाकिस्तान की टीम चेन्नई और कोलकाता में अपने ज्यादातर मैच खेल सकती है। अंतररराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के सूत्रों ने बताया कि भारत के अपने पूर्ववर्ती दौरे पर टीम ने इन स्थलों पर सुरक्षित महसूस किया था।
पांच अक्टूबर से शुरू हो सकता है वर्ल्ड कप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्व कप के पांच अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है। वर्ल्ड कप के 46 मैचों के लिए देश के 12 शहरों में खेले जाने की संभावना है, जिसमें अहमदाबाद, लखनऊ, मुंबई, राजकोट, बेंगलुरु, दिल्ली, इंदौर, गुवाहाटी और हैदराबाद शामिल है। ऐसे में अब अनुमान लगाया जा रहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस मुद्दे पर आईसीसी के शीर्ष अधिकारियों से चर्चा कर रहा है।
बीसीसीआई और भारत सरकार के फैसले पर टिकी निगाहें
इस संबंध में अधिक जानकारी रखने वाले आईसीसी के सूत्रों ने बताया कि, काफी कुछ इस बात पर निर्भर करेगा कि बीसीसीआई और भारत सरकार क्या फैसला करती है, लेकिन पाकिस्तान अपने अधिकांश मैच कोलकाता और चेन्नई में खेलना पसंद करेगा। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के खिलाड़ी 2016 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भारत के खिलाफ कोलकाता में मैच के दौरान सुरक्षा को लेकर खुश दिखे थे। ऐसे में लगभग इतना तो तय है कि अगर इस मुद्दे पर कुछ निष्कर्ष निकलता है तो इन्हीं दो शहरों में भारत और पाकिस्तान का मैच हो सकते हैं।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा फाइनल मैच
दरअसल, वर्ल्ड कप 2023 का फाइलन मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसकी क्षमता 1,32,000 दर्शकों की है। ऐसे में अगर यहां भारत-पाकिस्तान के मैचों का आयोजन होता है तो आईसीसी के लिए फायदे का सौदा होगा। हालांकि, आईसीसी बीसीसीआई के साथ मिलकर जल्द ही विश्व कप का कार्यक्रम तैयार करेगी।इससे पहले पाकिस्तान ने 2011 विश्व कप में भारत के खिलाफ सेमीफाइनल मैच मोहाली में खेला था। इस बार दोनों देशों की क्रिकेट टीम के बीच वर्ल्ड कप मैच कहां होगा ये तो आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications