Champions Trophy 2025: समय पर तैयार नहीं हो पाएंगे पाकिस्तान के स्टेडियम? सुपरवाइजर ने देरी पर तोड़ी चुप्पी
Champions Trophy: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) का कहना है कि कराची का नेशनल स्टेडियम आगामी चैंपियंस ट्रॉफी के मैचों की मेजबानी के लिए तैयार रहेगा, हालांकि 19 फरवरी से शुरू होने वाले इस बड़े आयोजन के लिए आयोजन स्थल की तैयारियों को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं।
पाकिस्तान के प्रतिष्ठित प्रमुख अंग्रेजी दैनिक 'डॉन' ने बुधवार को एक स्टोरी छापी, जिसमें कहा गया कि 'यह सोचना बिल्कुल असंभव लगता है कि रिनोवेशन का काम समय सीमा के भीतर पूरा हो जाएगा, लेकिन जिन कर्मियों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे आत्मविश्वास से भरे हुए हैं।'

तैयारी को लेकर क्या बोले PCB के अध्यक्ष
अखबार में आगे लिखा कि, 'इतने बड़े काम को करने के लिए बोर्ड या तो हीरो होगा या फिर जीरो।' हालांकि पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने मंगलवार को रावलपिंडी स्टेडियम का निरीक्षण किया और आश्वासन दिया कि चैंपियंस ट्रॉफी योजना के अनुसार आयोजित की जाएगी, लेकिन ऐसा लगता नहीं है कि बोर्ड 31 जनवरी की समय सीमा तक लाहौर, कराची और रावलपिंडी में पुनर्निर्मित स्थलों का नियंत्रण हासिल कर लेगा।
इन स्थानों पर होने वाले अन्य प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मैचों में 8 से 14 फरवरी तक न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ चार मैचों की त्रिकोणीय सीरीज शामिल है, जिसमें पहले दो मैच लाहौर में और फिर फाइनल सहित दो मैच कराची में होंगे।
रिनोवेशन पर नजर रखने वाले एक सूत्र ने कहा कि, 'देखिए, स्टेडियम मैचों की मेजबानी करने के लिए तैयार होंगे, लेकिन सवाल यह है कि पीसीबी ने त्रिकोणीय सीरीज और चैंपियंस ट्रॉफी के लिए इन पुनर्निर्मित स्थलों पर सभी को विश्व स्तरीय अनुभव देने का वादा किया है और क्या वे उस वादे को पूरा कर पाएंगे, यह देखना अभी बाकी है।'
रिनोवेशन कार्य के लिए जिम्मेदार व्यक्ति बिलाल चौहान कथित तौर पर कराची में काम पूरा करने के लिए आवश्यक उपकरण और मंजूरी समय पर नहीं मिलने की शिकायत कर रहे हैं। नई इमारत पर लगाए जाने वाले पैनल रविवार रात को ही कराची बंदरगाह से जारी किए जाने थे, जिसकी इंस्टॉलेशन अगली सुबह के लिए निर्धारित थी।
चौहान ने शिकायत करते हुए कहा कि, 'हम इस तरह की चीजों से निपट रहे हैं, लेकिन कभी-कभी लोगों को हमारी आलोचना करते देखना दुखद होता है।' पीसीबी ने लाहौर और कराची में तीनों स्थानों पर नवीनीकरण, निर्माण और उपकरणों की स्थापना पर लगभग 12 बिलियन पाकिस्तानी रुपये खर्च किए हैं।
टिकटों की बिक्री पहले ही शुरू हो चुकी है, लेकिन जब तक पीसीबी यह घोषणा नहीं कर देता कि नए स्टेडियम उनके कब्जे में हैं, तब तक चिंता बनी रहेगी। मंगलवार को आईसीसी के सीईओ ज्योफ एलार्डिस ने इस्तीफा दे दिया, जबकि विश्व निकाय के एक बोर्ड सदस्य ने संकेत दिया कि पाकिस्तान की तैयारियों की स्पष्ट तस्वीर पेश करने में उनकी विफलता उनके इस्तीफे के कारणों में से एक थी।












Click it and Unblock the Notifications