क्या 16 साल बाद Champions Trophy खेलने पाकिस्तान जाएगी भारतीय टीम, ICC ने आखिर BCCI से क्या कहा
Champions Trophy 2025, Latest News: पिछले साल यानी कि साल 2023 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने भारत का दौरा किया था। भारत में आकर पाकिस्तान की टीम ने वनडे वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया। हालांकि, वनडे वर्ल्ड कप 2023 पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए कुछ खास नहीं गुजरा। बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच सकी थी।
अगले साल होना है चैंपियंस ट्रॉफी
अगले साल यानी कि साल 2025 में पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन किया जाना है। चैंपियंस ट्रॉफी में भाग लेने के लिए भारतीय टीम पाकिस्तान जाएगी या नहीं यह सबसे बड़ा सवाल है। पाकिस्तान क्रिकेट के कई पूर्व दिग्गजों ने भारतीय टीम के पाकिस्तान आने की उम्मीद जताई है। लेकिन भारत ने पिछले 16 सालों से पाकिस्तान का कोई भी दौरा नहीं किया है।

आईसीसी ने कही यह बात
इस बीच आईसीसी यानी कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की एक रिपोर्ट सामने आई है। इस रिपोर्ट के मुताबिक आईसीसी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी कि बीसीसीआई पर किसी भी तरह का दबाव डालने के मूड में नहीं है। दोनों देशों के बीच चल रहे राजनीतिक तनाव को देखते हुए आईसीसी ने फैसला किया है कि वह भारतीय क्रिकेट बोर्ड पर टीम को पाकिस्तान भेजने का दबाव नहीं डालेगी।
16 साल पहले भारत ने किया था दौरा
पिछली बार भारतीय टीम साल 2008 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में पाकिस्तान गई थी। इसके बाद से पाकिस्तान की टीम ने तीन बार भारत का दौरा किया है। हालांकि यह तीनों बार ही आईसीसी इवेंट की वजह से पाकिस्तान की टीम भारत आई थी। साल 2011 के वनडे वर्ल्ड कप के दौरान पाकिस्तान ने भारत का दौरा किया था। इसके बाद साल 2016 में टी-20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए पाकिस्तान भारत आई थी। आखिरी बार पिछले साल यानी कि साल 2023 में पाकिस्तान ने भारत का दौरा किया था।
हो सकता है हाइब्रिड मॉडल का इस्तेमाल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आयोजन हाइब्रिड मॉडल के तहत किया जा सकता है। ऐसे में पाकिस्तान से चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी छीनी जा सकती है। इससे पहले एशिया कप 2023 में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला था। एशिया कप 2023 पहले पाकिस्तान की मेजबानी में होना था। लेकिन भारतीय टीम के पाकिस्तान नहीं जाने के कारण एशिया कप के आधे से ज्यादा मुकाबलो को श्रीलंका में शिफ्ट कर दिया गया था।
आईसीसी ने नहीं देगी मामले में दखल
आईसीसी किसी भी देश की सरकार के खिलाफ बोर्ड को जाने के लिए मजबूर नहीं करेगी। वह किसी भी देश की सरकार द्वारा दिए गए आदेशों में हस्तक्षेप नहीं करेगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के कुछ मुकाबलो का आयोजन दुबई में शिफ्ट कर सकती है। भारत के सभी मैच दुबई में कराए जा सकते हैं। इसके अलावा नॉकआउट वाले मुकाबले भी दुबई शिफ्ट किए जा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications