मेट्रो में भी मना विराट के 71वें शतक का जश्न, कोहली-कोहली से गूंज उठा कम्पार्टमेंट; Video
गुरुवार का दिन भारतीय क्रिकेट और विराट कोहली के फैंस के लिए काफी अच्छा रहा। एशिया कप 2022 से बाहर हो चुकी टीम इंडिया अपने आखिरी मुकाबले में अफगानिस्तान से भिड़ी।
नई दिल्ली, 9 सितंबर: गुरुवार का दिन भारतीय क्रिकेट और विराट कोहली के फैंस के लिए काफी अच्छा रहा। एशिया कप 2022 से बाहर हो चुकी टीम इंडिया अपने आखिरी मुकाबले में अफगानिस्तान से भिड़ी। दुबई स्टेडिमय में खेले गए इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 212 रन बनाए। विराट कोहली ने लंबे इंतजार के बाद शतक जड़ा। उन्होंने 61 गेंदों पर 122 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान किंग कोहली ने 12 चौके और 6 छक्के लगाए। विराट के शतक के बाद उनके फैंस में गजब का उत्साह देखने को मिला।

ऐसे सेलिब्रेट किया शतक का जश्न
कोहली के फैंस ने अपने-अपने अंदाज में उनके इस शतक को सेलिब्रेट किया। कई जगह पटाखे फोड़े गए तो कुछ हॉस्टल में स्टूडेंट्स ने कोहली की 71वीं सेंचुरी पर खुशी जाहिर की। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस छोटे से वीडियो में देखा जा सकता है कि सवारियों से खचाखच भरी मेट्रों में कई क्रिकेट प्रेमी भी सवार हैं। विराट कोहली के शतक के बाद इन फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहता है और ये मेट्रो में ही जश्न मनाने लगते हैं। पूरा डिब्बा कोहली-कोहली से गूंज उठता है।
People celebrating Virat's 71st Century in Metro, Watch Video#ViratKohli𓃵 #ViratKohli #GOAT𓃵 #AsiaCup2022 #KingKohli pic.twitter.com/B0r3FF6pmw
— Chirag Sukhija (@RjChiragSukhija) September 8, 2022

T20I का पहला शतक
विराट कोहली ने 2 साल 9 महीने और 16 दिन बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक जड़ा है। यानी कोहली ने 1021 दिन बाद सैकड़ा लगया है। किंग कोहली ने वनडे में अपना आखिरी शतक 14 अगस्त 2019 को लगाया था, कोहली का यह शतक वेस्टइंडीज के सामने आया था। कोहली ने टीम इंडिया के पहले डे-नाइट टेस्ट में आखिरी बार शतक जमाया था। बांग्लादेश के खिलाफ इस मैच में उन्होंने भारत की पहली पारी में 136 रन बनाए थे। टीम इंडिया ने यह मुकाबला पारी और 46 रनों से जीता था। विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में 27 और वनडे में 43 शतक जड़े हैं।

विराट कोहली का करियर
कोहली ने अपने इंटरनेशनल करियर में अब तक 102 टेस्ट मैच की 173 पारियों में 49.53 की औसत और 55.68 के स्ट्राइक रेट से 8074 रन बनाए हैं। उन्होंने टेस्ट मैच में 28 अर्धशतक और 27 शतक जड़े हैं। टेस्ट में उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 254 रन है। 262 एकदिवसीय मुकाबलों में कोहली ने 57.68 की औसत और 92.83 के स्ट्राइक रेट से 12344 रन जड़े हैं। कोहली ने वनडे में 64 अर्धशतक और 43 शतक ठोके हैं। वहीं 104 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में उन्होंने 3584 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 32 अर्धशतक और एक शतक जड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications