Explained: क्या गाबा टेस्ट के अंतिम दिन टल जाएगी भारत की हार? कितने बजे शुरू होगा मैच और कैसा रहेगा मौसम
IND vs AUS: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ब्रिस्बेन में खेला जा रहा तीसरा टेस्ट मैच बारिश से काफी ज्यादा प्रभावित रहा है। टीम इंडिया अपनी पहली पारी में संघर्ष करते हुए फॉलोऑन बचाने में सफल रही है। इसका क्रेडिट जसप्रीत बुमराह और आकाश दीप को जाता है। दोनों ने अंतिम विकेट के लिए अहम भागीदारी की।
भारतीय टीम ने 9 विकेट पर 252 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया और अंतिम विकेट पांचवें दिन भी खेलेगा। ऑस्ट्रेलिया के पास अभी 193 रनों की लीड है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा अब भी भारी है लेकिन समय की कमी है। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से कोशिश पूरी की जाएगी।

हालांकि मौसम को लेकर खबर अच्छी नहीं कही जा सकती है। मौसम ऑस्ट्रेलिया का काम खराब करेगा। पिछले दो दिनों से ऐसा ही हुआ है। लगातार बारिश से मुकाबले में खलल देखने को मिला है। अंतिम दिन भी बारिश का पूर्वानुमान है और मैच में टीम इंडिया के लिए यह राहत की बात होगी।
ऑस्ट्रेलिया की टीम दूसरी पारी में बैटिंग करते हुए कम से कम 300 रनों का लक्ष्य भारत को जरुर देना चाहेगी। इसके लिए उनको एक से डेढ़ घंटे के लिए बैटिंग भी करनी पड़ेगी। इस स्थिति में बारिश का रोल अहम हो जाएगा। अगर दो घंटों का खेल भी बारिश बिगाड़ देती है, तो मैच ड्रॉ हो जाएगा और भारत की हार टल जाएगी। हालांकि भारतीय टीम को जल्दी आउट करना भी उतना आसान काम नहीं होगा।
मैच अपने निर्धारित समय से पहले शुरू हो जाएगा। 30 मिनट पहले ही यह मुकाबला शुरू होगा। इस तरह भारतीय समय के अनुसार सुबह 5 बजकर 20 मिनट पर यह मुकाबला शुरू होगा। अतिरिक्त समय पिछले तीन दिनों से मिल रहा है। इसी समय यह मैच शुरू हो रहा है क्योंकि पहला दिन बारिश की भेंट चढ़ गया था। उन ओवरों की भरपाई के लिए समय से पहले खेल शुरू करने का फैसला लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications