Boxing Day Test: कब और किन टीमों के बीच हुआ पहला बॉक्सिंग डे टेस्ट? इस बार कितने मुकाबले होंगे
Boxing Day Test: क्रिसमस के अगले दिन यानी 26 दिसम्बर को खेला जाने वाला टेस्ट मुकाबला बॉक्सिंग डे टेस्ट कहा जाता है। हर साल ऐसा होता है। ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका में इन टेस्ट मैचों का काफी महत्व है। ऑस्ट्रेलिया में तो इस टेस्ट की एक परम्परा बन गई है। इस बार भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मेलबर्न में बॉक्सिंग डे टेस्ट होगा।
हालांकि इसका कोई पुख्ता सबूत नहीं है कि बॉक्सिंग डे नाम कहाँ से आया। माना जाता है कि यह नाम अमीर परिवारों द्वारा क्रिसमस पर काम करने के वाले गरीब लोगों को धन्यवाद करने के लिए गिफ्ट्स में तैयार बॉक्स से आया है। इस परम्परा के कारण इसे बॉक्सिंग डे कहा जाता है।

कैसे शुरू हुई Boxing Day Test की परम्परा
1865 में क्रिसमस के दौरान मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में विक्टोरिया और न्यू साउथ वेल्स के बीच शेफील्ड शील्ड मैच को ऑस्ट्रेलिया में बॉक्सिंग डे मैचों का जनक माना जाता है। हालांकि टेस्ट मैचों में इसका प्रचलन काफी बाद में देखने को मिला है। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड 1950 से इस टेस्ट का आयोजन कर रहा है, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला मैच हुआ था।
किन देशों में होता है Boxing Day Test
मुख्य रूप से ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका में ही बॉक्सिंग डे टेस्ट मैचों का प्रचलन है। ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड और दक्षिण अफ्रीका में सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में मुकाबला आयोजित होता है। कुछ मौकों पर न्यूजीलैंड पर भी टेस्ट का आयोजन किया जाता है।
क्या कहते हैं आंकड़े
बॉक्सिंग डे टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई टीम का दबदबा रहता है। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक कुल 48 बॉक्सिंग डे टेस्ट मैचों में भाग लिया है। इस दौरान 29 मैचों में जीत दर्ज करने का मौका मिला है। 10 मैचों में हार हुई है। चार मैचों में इंग्लैंड ने जीत दर्ज की है। भारत, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज ने भी 2-2 मैच जीते हैं।
इस बार कितने मैच होंगे
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा मुकाबला बॉक्सिंग डे टेस्ट के रूप में खेला जाएगा। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका में भी मुकाबला होगा। दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच पहला टेस्ट मुकाबला खेला जाना है।












Click it and Unblock the Notifications