विराट कोहली को नाथन लायन के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी करनी होगी, इरफ़ान पठान की सलाह
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच नागपुर में खेला जाएगा, टीम इंडिया के लिए काफी अहम सीरीज है।

Border-Gavaskar Trophy: भारतीय टीम घरेलू मैदानों पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने वाली है। सीरीज का पहला मुकाबला 9 फरवरी से नागपुर में शुरू होगा। टीम इंडिया नागपुर पहुंच गई है। ऑस्ट्रेलिया के पास नाथन लायन सबसे बेहतरीन स्पिन गेंदबाज हैं और वह भारतीय बल्लेबाजों को परेशान करने की पूरी क्षमता रखते हैं। विराट कोहली के ऊपर भारतीय टीम की बल्लेबाजी टिकी हुई है और उनको पूर्व गेंदबाज इरफान पठान ने एक सलाह दी है। पठान ने कोहली को नाथन लायन के खिलाफ अपनाए जाने वाली अप्रोच के बारे में बताया है। पठान के अनुसार आक्रामक खेल के जरिए इस कंगारू स्पिनर को काउंटर किया जा सकता है।

कोहली को ज्यादा आक्रामक होना होगा
स्टार स्पोर्ट्स के शो में बातचीत करते हुए इरफान पठान ने होली को लेकर कहा कि उनके दिमाग में नाथन लायन और एश्टन एगर की स्पिन गेंदों को निशाना बनाने की योजना होगी। पिछले कुछ समय से वह स्पिन के खिलाफ संघर्ष करते दिखे हैं। मेरे हिसाब से विराट कोहली को थोड़ा ज्यादा आक्रामक होना चाहिए क्योंकि स्पिन के खिलाफ स्ट्राइक रेट भी कम हो जाता है।

नाथन लायन के खिलाफ आक्रमण जरूरी
पठान ने आगे कहा कि मैं जानता हूं कि हम टेस्ट क्रिकेट की बात कर रहे हैं लेकिन कभी-कभी हमें स्पिन के खिलाफ थोड़ा ज्यादा आक्रामक होना होता है क्योंकि जब आप नाथन लायन जैसे गेंदबाज का सामना करते हैं तो आक्रमण करना ठीक होता है। लायन की गेंदों को टर्न मिलता है और उछाल भी प्राप्त होता है इसलिए यह बात भी ध्यान में रखनी होती है। उनकी गेंद पड़ने के बाद स्पिन होकर निकलती है।

पहले दो टेस्ट मैचों के लिए भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएस भरत (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), आर अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा , मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, जयदेव उनादकट, सूर्यकुमार यादव।












Click it and Unblock the Notifications