बिहार क्रिकेट संघ ने बजट में खेल की घोषणाओं पर दी प्रतिक्रिया, बताया ऐतिहासिक दिन
केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के आम बजट को लेकर बिहार क्रिकेट संघ के अध्यक्ष राकेश तिवारी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इससे बिहार के खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास होने की बात कही और इसे बिहार के खेल समुदाय के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया।
बीसीए अध्यक्ष राकेश तिवारी ने वित्त मंत्री के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बिहार में विशाल खेल प्रतिभा को पोषित करने की दिशा में एक अहम कदम है।

तिवारी ने कहा "मैं बजट 2024 में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर में घोषित महत्वपूर्ण निवेश के लिए माननीय वित्त मंत्री के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ। यह हमारे राज्य के पूरे खेल समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है।"
उन्होंने इसी कड़ी में आगे कहा "नई खेल सुविधाओं का विकास न केवल गर्व का विषय है, बल्कि बिहार में विशाल प्रतिभा को पोषित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्नत इंफ्रास्ट्रक्चर हमारे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, प्रतियोगिता और राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता हासिल करने के लिए आवश्यक संसाधन प्रदान करेगा। यह पहल निश्चित रूप से हमारे राज्य में एक जीवंत खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करेगी।"
बजट 2024 ने बिहार के लिए कई महत्वपूर्ण पहलों का अनावरण किया, जिसका उद्देश्य राज्य को 'विकसित भारत' का एक प्रमुख चालक बनाना है। वित्त मंत्री ने राज्य में नए हवाई अड्डों, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास योजनाओं की घोषणा की।
बीसीए अध्यक्ष ने बिहार में क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए विकास के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि नई सुविधाएं बेहतर प्रशिक्षण मैदान, आधुनिक सुविधाएं और उच्च गुणवत्ता वाले इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदान करेंगी।
BCA अध्यक्ष ने कहा "ये सुधार खास तौर पर क्रिकेट के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। हमारे खिलाड़ियों को अब बेहतर प्रशिक्षण मैदान, आधुनिक और उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाएं मिलेंगी, जो उनके विकास और प्रगति के लिए आवश्यक हैं। यह घोषणा बिहार क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और विश्व स्तरीय क्रिकेटरों को तैयार करने के हमारे दृष्टिकोण के साथ पूरी तरह मेल खाती है। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से, मैं इस पहल का समर्थन करने और इन योजनाओं को साकार करने के लिए सरकार के साथ काम करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराता हूं।"












Click it and Unblock the Notifications