नितीश राणा ने टीम छोड़ने का लिया फैसला, दिल्ली क्रिकेट के सामने खड़ी हुई एक बड़ी मुसीबत
Nitish Rana and Dhruv Shorey seek NOC: दिल्ली की टीम को घरेलू क्रिकेट में बड़ा झटका लगने वाला है। दो खिलाड़ियों ने दिल्ली के अलावा अन्य किसी जगह से खेलने के लिए एनओसी मांगी है। दोनों बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उनके जाने से टीम को बड़ा नुकसान होता हुआ दिखाई दे रहा है।
खबरों के अनुसार डीडीसीए के संयुक्त सचिव राजन मनचंदा ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा है कि नितीश राणा और ध्रुव शोरी दिल्ली की टीम छोड़ना चाहते हैं और उन्होंने एनओसी मांगी है। यह भी कहा गया है कि दोनों खिलाड़ियों ने ऐसा क्यों किया है, इसे जानने के लिए उनसे बात की जाएगी।

पीटीआई के अनुसार मनचंदा ने कहा कि ध्रुव और नितीश ने एनओसी मांगी है और यह बात सही है। उन्होंने कहा कि दोनों ही दिल्ली के सीनियर खिलाड़ी हैं। उन्होंने ऐसा क्यों किया है, यह जानने का प्रयास किया जाएगा। हम उनसे रुकने का अनुरोध भी करेंगे। हालांकि अंतिम निर्णय उनका ही होगा। अगर ये दोनों नहीं मानते हैं, तो हम उनको एनओसी प्रदान कर देंगे।
गौरतलब है कि नितीश राणा का कुछ खिलाड़ियों के साथ मनमुटाव सामने आया था। उनमें एक ऋतिक शोकीन हैं। मुंबई इंडियंस और केकेआर के बीच आईपीएल के दौरान भी यह देखने को मिला था। दोनों के बीच तीखे शब्दों का आदान-प्रदान हुआ था। इसके अलावा राणा यह भी नहीं चाहते कि उनकी जगह सफेद गेंद क्रिकेट में टीम को यश धुल लीड करें, वह एक सीजन ही खेले हैं और राणा की तुलना में नए हैं।
दिल्ली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन में ज्यादातर लोगों का मानना है कि यश ढुल को रणजी की कप्तानी सौंपना जल्दीबाजी में लिया गया निर्णय था। ऐसे में उनकी जगह नया कप्तान बनाया जा सकता है। मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज हिम्मत सिंह को रणजी में कप्तानी दी जा सकती है।
यह देखना भी दिलचस्प होगा कि डीडीसीए की बातचीत से क्या निकलकर सामने आता है। नितीश राणा और ध्रुव शोरी रुकते हैं या जाने की बात पर टिके रहते हैं। यह भी हो सकता है कि डीडीसीए नितीश राणा को कप्तान बनाकर रोक ले।












Click it and Unblock the Notifications