शाहीन शाह अफरीदी को टीम से बाहर करने की तैयारी? कोच के साथ यह घटिया हरकत करने का आरोप
पाकिस्तान क्रिकेट टीम में कुछ भी सही घटित नहीं हो रहा है। बाबर आज़म और शाहीन शाह अफरीदी के बीच अनबन की खबरें पहले से ही बाजार में तैर रही हैं। अब एक और नई खबर सामने आई है और बलि का बकरा फिर से शाहीन शाह अफरीदी को ही बनना पड़ा है।
कोच गैरी कर्स्टन और अन्य स्टाफ के साथ अफरीदी की तरफ से बदसलूकी करने के आरोप जड़े गए हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सूत्रों के हवाले से ऐसी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि आयरलैंड दौरे और वर्ल्ड कप के दौरान अफरीदी का बर्ताव खराब था।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अब शाहीन अफरीदी के ऊपर एक्शन भी ले सकता है। बाबर आज़म को फिर से कप्तान बनाये जाने के समय से ही अफरीदी नाराज चल रहे हैं। ड्रेसिंग रूम का माहौल भी खराब ही चल रहा है। पाकिस्तान क्रिकेट में उथल-पुथल का माहौल है।
उधर पूर्व पाक खिलाड़ी बासित अली ने भी चौंकाने वाला खुलासा किया है। बासित अली का कहना है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड बाबर आज़म का बचाव कर रहा है। इस वजह से शाहीन अफरीदी और रिजवान को निशाना बनाया जा रहा है। इन दोनों के खिलाफ पीसीबी में नेगेटिव रिपोर्ट बन रही है।
बासित का कहना है कि वर्ल्ड कप में टीम के खराब प्रदर्शन का ठीकरा रिजवान और शाहीन अफरीदी के ऊपर फोड़ा जा रहा है। अगर रिजवान और शाहीन दोनों बाबर के साथ सहमत नहीं हैं, तो बाबर को हीरो बनाने की क्या आवश्यकता है। दो को बलि का बकरा बनाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के चीजों से पाकिस्तान क्रिकेट का पतन हो जाएगा। अगर दो खिलाड़ियों को टीम से बाहर किया जाता है, तो तीसरे बाबर आज़म को भी तो बाहर किया जाए। बासित अली ने साफ़ तौर पर आरोप लगाते हुए कहा कि बाबर आज़म को बचाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications