50 से 40 ओवर का हो जाए ODI क्रिकेट, तो भी मजा आ जाएगा, स्टोक्स ने की नए फॉर्मेट की पैरवी
नई दिल्ली, 24 अगस्त: इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स की एक डॉक्यूमेंटरी सीरीज 'प्राइम वीडियो' पर रिलीज हुई है। सीरीज का नाम है- 'बेन स्टोक्स: फीनिक्स फ्रॉम द एशेज'।

इस दौरान बेन स्टोक्स ने साफ किया है कि टेस्ट क्रिकेट ही उनके लिए सर्वोपरी रहने जा रहा है। वे वनडे फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं। हालांकि उनको आईपीएल में खेलकर बहुत मजा आता है लेकिन भविष्य में इसमें खेलना इस बात पर निर्भर करता है कि आईपीएल विंडो के दौरान इंटरनेशनल क्रिकेट का शेड्यूल कैसा रहेगा। इसलिए आईपीएल 2023 में उनका खेलना इंग्लिश शेड्यूल के ऊपर निर्भर होगा।
बेन स्टोक्स ने पीटीआई से बात करते हुए यह भी बताया कि वनडे क्रिकेट को 50 से घटाकर 40 ओवर का किया जा सकता है।
स्टोक्स ने कहा, "जब मैंने पहली बार पेशेवर क्रिकेट खेलना शुरू किया था, तब CB40 था और यह खेलने के लिए वास्तव में एक अच्छा प्रारूप था। आजकल, यह केवल T20 क्रिकेट का एक खिंचा हुआ प्रारूप होगा, और मुझे व्यक्तिगत रूप से लगता है कि 40 ओवर में भी आप वो कर सकते हो, जो आप 50 ओवर में करते हैं।"
"क्योंकि बहुत क्रिकेट है, क्या कोई ऐसा तरीका है जिससे 3 प्रारूपों को बनाए रखा जाए? शायद कम क्रिकेट समाधान है? यदि आप 50 ओवर से 40 ओवर देखते हैं, तो मुझे लगता है कि यह एक समाधान हो सकता है। "
स्टोक्स ने वनडे से रिटायर होने के बारे में कहा कि यह ओवल में भारत के खिलाफ पहले एकदिवसीय मैच के बाद था, जब उनको लगा कि रिटायर होने का समय आ चुका है।
उनको पता था कि सफेद गेंद के किसी एक फॉर्मेट को अलविदा कहना होगा लेकिन किसको यह तय नहीं हो पा रहा था।
जब बेन स्टोक्स के जीवन पर डॉक्यूमेंट्री बन रही थी तो वह मानसिक समस्या से भी जूझ रहे थे। इस डॉक्यूमेंट्री में वे सब चीजें बताई गई है जो एक खिलाड़ी के लिए काफी पर्सनल भी हो सकती है लेकिन बेन स्टोक्स को इससे दिक्कत नहीं है क्योंकि उनका मानना है कि ऐसा करने से लोगों को पता चलेगा कि असली बेन स्टोक्स कौन है।
स्टॉक्स कहते हैं कि, बहुत ही कम खिलाड़ी लोगों के सामने यह बता पाते हैं कि वह असल में कौन है। और इस डॉक्यूमेंट्री से मुझे यह बताने का मौका मिला। बेन मानते हैं कि उनके जीवन में केवल क्रिकेट ही नहीं बल्कि बहुत और भी घटित हुआ जिसने उनको प्रभावित किया। स्टॉक का मानना है कि केवल क्रिकेट के जरिए एक इंसान बेन स्टोक्स को पहचाना नहीं जा सकता।












Click it and Unblock the Notifications