Virat Kohli: टेस्ट रिटायरमेंट पर विराट कोहली का बड़ा फैसला, BCCI की बात मानी या नहीं? रिपोर्ट में खुला राज
टेस्ट क्रिकेट से विराट कोहली के संभावित संन्यास को लेकर बीसीसीआई हरसंभव कोशिश कर रहा है कि वो इस फॉर्मेट में खेलना जारी रखें। लेकिन एक रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक बोर्ड की ये कोशिशें किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच पाई हैं। कोहली टेस्ट क्रिकेट से हटने का मन बना चुके हैं और उन्होंने यह बात सिलेक्शन कमेटी को दो हफ्ते पहले ही बता दी थी।
रोहित शर्मा के हालिया टेस्ट रिटायरमेंट के बाद बीसीसीआई ने विराट कोहली से खास तौर पर कहा कि वे अपने फैसले पर दोबारा विचार करें। टीम के अनुभवहीन मिडिल ऑर्डर को देखते हुए, बोर्ड ने उनकी मौजूदगी को बेहद अहम बताया। लेकिन कोहली अब तक अपने रुख पर कायम हैं।

अब भी अपने फैसले पर अड़े हैं विराट कोहली
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, कोहली ने दो हफ्ते पहले ही सिलेक्टर्स को टेस्ट छोड़ने की इच्छा जाहिर कर दी थी। वे उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने के लिए मनाने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन कोहली अब भी अपने फैसले पर अड़े हुए हैं। आखिरी फैसला अगली हफ्ते होने वाली चयन बैठक के आसपास ही आएगा।
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान ऑस्ट्रेलिया में उनके खराब प्रदर्शन के बाद कोहली की टेस्ट फॉर्मेट में निरंतरता पर सवाल उठने लगे थे। हालांकि, कई लोगों का मानना था कि इंग्लैंड का आगामी दौरा 36 वर्षीय सुपरस्टार के लाल गेंद वाले क्रिकेट में भविष्य की असली परीक्षा होगी, यह एक ऐसा फॉर्मेट है जिसे वह सबसे ज्यादा पसंद करते हैं। लेकिन पिछले 10 दिनों में बहुत कुछ बदल गया है।
शमी भी संकट में, फिटनेस बनी चिंता का कारण
कोहली के फैसले से अलग, बीसीसीआई सूत्र के अनुसार यह भी दावा किया गया है कि मोहम्मद शमी की टेस्ट टीम में जगह भी अब पक्की नहीं मानी जा रही है। अभी के हालात में शमी टीम के ऑटोमैटिक चॉइस नहीं हैं। वो इंटरनेशनल क्रिकेट में लौटे तो हैं लेकिन लय में नहीं दिखे हैं। IPL प्रदर्शन आमतौर पर टेस्ट चयन में नहीं देखा जाता, लेकिन शमी की रन-अप अधूरी है और गेंद विकेटकीपर तक ठीक से नहीं पहुंच रही। अक्सर उन्हें छोटा स्पेल डालने के बाद ड्रेसिंग रूम में वापस जाना पड़ता है ताकि रिकवरी कर सकें।
इंग्लैंड दौरे से पहले चयनकर्ताओं के लिए बड़ा सिरदर्द
अगर कोहली अपने फैसले पर टिके रहते हैं, तो इंग्लैंड सीरीज के लिए भारतीय टेस्ट टीम का चयन बीसीसीआई और चयनकर्ताओं के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।












Click it and Unblock the Notifications