बांग्लादेश दौरे पर भारत के वनडे मैच का वेन्यू बदला गया, बवाल के डर से लिया गया फैसला
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ आगामी एकदिवसीय सीरीज का तीसरा मैच ढाका से चटगांव शिफ्ट करने का निर्णय लिया है। बांग्लादेश नेशनल पार्टी की रैली के कारण बीसीबी ने यह फैसला लिया है। ढाका की सड़कों पर हजारों लोगों के आने की संभावना है। ऐसे में बीसीबी ने किसी भी तरह के विवाद को दूर रखने के लिए इस मैच का वेन्यू बदलने का निर्णय लिया। बीसीबी ऑपरेशंस हेड ने यह जानकारी प्रदान की है।

भारतीय टीम सात सालों में पहली बार बांग्लादेश दौरे पर जा रही है। वहां टीम इंडिया तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज के अलावा दो टेस्ट मुकाबले भी खेलेगी। वनडे सीरीज के दो मैच ढाका में खेले जाएंगे। अब तीसरा मैच चटगांव शिफ्ट कर दिया गया है। एएफपी से बात करते हुए बीसीबी ऑपरेशंस हेड जलाल यूनुस ने कहा "चटगांव मूल रूप से एक टेस्ट मैच की मेजबानी करने वाला था। हमें लगा कि वहां एक वनडे मुकाबला भी होना चाहिए।" हालांकि अंतिम समय में वेन्यू बदलने के पीछे प्रोटेस्ट को कारण मानने के सवाल को वह टाल गए। यही एक कारण था जिसने बीसीबी को अंतिम एकदिवसीय मैच का वेन्यू बदलने पर मजबूर कर दिया।
Recommended Video
सीनियर खिलाड़ी टीम इंडिया में लौटेंगे
ऑस्ट्रेलिया में टी20 वर्ल्ड कप खेलने के बाद भारतीय टीम के कई सीनियर खिलाड़ी इस समय रेस्ट पर हैं। न्यूजीलैंड सीरीज में रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली जैसे बड़े नाम नहीं खेले रहे। हार्दिक पांड्या को सफेद गेंद क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में कप्तान बनाया गया था। शिखर धवन न्यूजीलैंड दौरे पर एकदिवसीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं। बांग्लादेश दौरे पर रोहित और विराट सहित तमाम सीनियर खिलाड़ी वापस आ जाएंगे। हालांकि रविन्द्र जडेजा की चोट अभी ठीक नहीं हो पाई है। लिहाजा उनको अभी बाहर रहना होगा।
भारत के बांग्लादेश दौरे का कार्यक्रम
बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय टीम 4 दिसम्बर को ढाका में पहला वनडे खेलेगी। इसके बाद दूसरा मुकाबला 7 दिसम्बर को खेला जाना है। अंतिम वनडे 10 दिसम्बर को चटगांव में खेला जाएगा। पहला टेस्ट मुकाबला 14 दिसम्बर से चटगांव में खेला जाएगा। दूसरा और अंतिम टेस्ट 22 दिसम्बर से ढाका में खेला जाना है।












Click it and Unblock the Notifications