वर्ल्ड कप के बीच विवादों में घिरा PCB, कप्तान बाबर आजम की वायरल WhatsApp चैट पर मचा बवाल
ICC World Cup 2023: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की बढ़ती मुश्किलों के बीच कप्तान बाबर आजम और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के सीओओ सलमान नसीर के बीच एक निजी बातचीत लीक हो गई है।पीसीबी प्रमुख जका अशरफ द्वारा बाबर के कॉल का जवाब नहीं देने की अफवाहों के बीच सामने आई ये चैट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
पाकिस्तान के एक टेलीविजन चैनल पर दिखाई गई लीक चैट में सलमान ने कप्तान से उन आरोपों के बारे में पूछा कि वह पीसीबी प्रमुख को फोन कर रहे थे लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिल रहा था। इस पर बाबर की ओर से जवाब दिया गया कि उन्होंने कभी अशरफ को फोन नहीं किया।

दरअसल, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ के इस दावे के बाद एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया कि पीसीबी प्रमुख अशरफ ने बाबर के कॉल और मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तान क्रिकेटरों को पिछले चार-पांच महीने से वेतन नहीं मिला है।
बाबर और पीसीबी के सीओओ के बीच बातचीत हुई चैट इस प्रकार है:
- सलमान: बाबर, टीवी और सोशल मीडिया पर यह खबर भी चल रही है कि आप चेयरमैन को फोन कर रहे हैं और वह आपको जवाब नहीं दे रहे हैं। क्या आपने उन्हें हाल ही में कॉल किया है?
- बाबर: सलाम सलमान भाई, मैंने तो सर को कोई कॉल नहीं की है।
- सलमान: ठीक है धन्यवाद
ऐसी खबरें चल रही हैं कि विश्व कप 2023 के बाद बाबर को कप्तानी से हटाया जा सकता है, क्योंकि टूर्नामेंट में पाकिस्तान का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है। पाकिस्तान फिलहाल छह मैचों में चार अंकों के साथ अंक तालिका में छठे स्थान पर है। उन्होंने टूर्नामेंट की शुरुआत नीदरलैंड और श्रीलंका पर जीत के साथ की, लेकिन लगातार अपने पिछले चार मैच हार गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications