विराट कोहली को ट्वीट करके दिलासा क्यों दिया? बाबर आजम ने बताई उस मैसेज की वजह
गाले, 15 जुलाई: भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली इंग्लैंड के मौजूदा दौरे पर सफेद गेंद सीरीज का हिस्सा है लेकिन वह कोई भी छाप छोड़ने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने टी-20 मुकाबलों में कुछ नहीं किया और अब दूसरे वनडे मुकाबले में वापसी करने के बाद केवल 16 रन बनाए। विराट कोहली ऐसी पारियां खेलने के लिए जाने जाते थे जहां भारत की नैया पार हो जाती थी लेकिन अब विराट टीम का साथ छोड़ कर खुद ही संकट खड़ा करने का काम करते हैं।

फिर से एक बड़ा सवाल छोड़ गए
ताजा मुकाबले में कोहली ने 25 गेंदों पर 16 रनों की पारी खेली लेकिन टीम इंडिया के लिए फिर से एक बड़ा सवाल छोड़ गए कि क्या उनको T20 वर्ल्ड कप में शामिल किया जाए या नहीं? बड़े खिलाड़ियों के साथ आलोचक भी बहुत ज्यादा होते हैं और सपोर्टर भी। कई भारतीय क्रिकेटर कोहली को ब्रेक देने की वकालत करते हैं तो वहीं पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और विराट कोहली से अक्सर अपनी तुलना पाने वाले बाबर आजम ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में कोहली के आउट होने के बाद उनको सांत्वना भरा ट्वीट किया था।

बाबर आजम ने अपने ट्वीट के बारे में खुद बात की है
बाबर आजम ने कहा था कि कोहली को मजबूती से बने रहना चाहिए। बुरा समय ज्यादा लंबे समय के लिए नहीं रहता। इस ट्वीट के चलते बाबर आजम की काफी तारीफ हुई और इरफान पठान जैसे दिग्गजों ने उनकी सराहना भी की। क्रिकेट बिरादरी में इस ट्वीट को हाथों-हाथ लिया गया। बाबर आजम ने अपने ट्वीट के बारे में खुद बात की है और कहां है जब भी खिलाड़ी खराब फॉर्म से गुजर रहा हो तो उसको सपोर्ट की जरूरत होती है।

मुझे पता है कि ऐसे समय में आप पर क्या बीतती है
बाबर आजम ने पाकिस्तान की श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले अपनी राय रखी। यह श्रृंखला 16 जून को गाले में शुरू हो रही है। बाबर आजम ने मैच से पहले की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मैं एक खिलाड़ी के तौर पर यह जानता हूं कि आप बुरे दौर से गुजर सकते हैं और मुझे पता है कि ऐसे समय में आप पर क्या बीतती है। ऐसे समय में आपको सपोर्ट की जरूरत होती है। मैंने यही सोचकर ट्वीट किया कि वह उनको थोड़ी सपोर्ट देगा। वह सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक है।"

कोहली को पता है क्या करना है- बाबर आजम
बाबर आजम ने कहा है कि विराट कोहली इतने अच्छे क्रिकेटर है कि वह इस खराब दौर से भी वापस निकल आएंगे और अपनी पुरानी फॉर्म में पहुंच जाएंगे। बाबर ने कहा वह काफी क्रिकेट खेल रहे हैं और उनको पता है इस तरह के हालातों से कैसे बाहर आते हैं। यह समय लेता है लेकिन अगर आप खिलाड़ियों को सपोर्ट करते हैं तो यह बहुत अच्छी बात है। जहां तक बाबर आजम की बात है तो वह भी एक खराब दौर से गुजर चुके हैं और अपने 10,000 इंटरनेशनल रन पूरे करने से कुछ ही कदम बाकी दूर है।












Click it and Unblock the Notifications