Video: 'हैदराबाद में जो प्यार मिला...,' पाकिस्तानी टीम के जोरदार स्वागत के बाद बाबर आजम का रिएक्शन हुआ वायरल
World Cup 2023: पाकिस्तान क्रिकेट टीम वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भाग लेने के लिए हैदराबाद पहुंच गई है। न्यूजीलैंड के खिलाफ अभ्यास मैच से पहले हैदराबाद पहुंचने पर बाबर आजम की टीम का भव्य स्वागत किया गया। बुधवार को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर बाबर और बाकी पाकिस्तानी खिलाड़ी काफी खुश नजर आए। बाबर ने अपने और अपने साथियों के गर्मजोशी से किए गए स्वागत पर प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, भारत आगमन पर बाबर और टीम के स्टार तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी काफी उत्साहित दिखे और कैमरापर्सन के सामने पोज देते वक्त मुस्कुराते नजर आए। बायलेटरल सीरीज के लिए 2012-13 में अपनी आखिरी यात्रा के बाद से लगभग एक दशक के बाद पाकिस्तान की टीम भारत दौरे पर आई है।

इस बीच पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने भारत में हुए स्वागत को लेकर इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की, इसमें बाबर ने लिखा- 'जो प्यार हैदराबाद में मिला है, उसे पाकर बेहद खुश हूं'
इससे पहले पाकिस्तान में बाबर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि, 'हम सभी को विश्व कप के लिए यात्रा करने पर गर्व है। हालांकि, हमने पहले भारत में नहीं खेला है, लेकिन हम ज्यादा दबाव नहीं ले रहे हैं। हमने अपना प्लान तैयार कर लिया है।' और हमने सुना है कि परिस्थितियां वैसी ही हैं जैसे वे अन्य एशियाई देशों में खेलते हैं।
उन्होंने कहा कि, 'इस बार कप्तान के रूप में यात्रा करना मेरे लिए काफी सम्मान की बात है, मुझे उम्मीद है कि हम इस बार ट्रॉफी के साथ वापस आएंगे।'
दरअसल, भारतीय जमीन पर अनुभव की कमी ही एकमात्र ऐसी चीज नहीं होगी जो पाकिस्तान को खलेगी। उनके टूर्नामेंट मैचों के दौरान घरेलू दर्शकों की अनुपस्थिति भी उन्हें खलेगी। इसे लेकर बाबर ने कहा कि, 'दुर्भाग्य से हमें प्रशंसकों की कमी खलेगी। हालांकि, जहां तक मुझे पता है, सभी टिकट बिक चुके हैं, इसलिए हम खचाखच भरे स्टेडियमों में खेलेंगे। मैं भारत में खेलने के लिए उत्साहित हूं।'
विश्व कप से पहले पाकिस्तान अपना अभ्यास मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगा जो 29 सितंबर को हैदराबाद में होने वाला है। वे विश्व कप के लिए अपने अभियान की शुरुआत 6 अक्टूबर को राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में नीदरलैंड के खिलाफ करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications