बाबर आजम के नाम हुई बड़ी उपलब्धि, T20I में फिफ्टी के साथ इंटरनेशनल क्रिकेट में किया कमाल
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम 13 अक्टूबर को ऐसे 11वें पाकिस्तानी बल्लेबाज बन गए जिसने इंटरनेशनल क्रिकेट में 11000 रन पूरे कर लिए हैं। 27 साल के दाएं हाथ के बल्लेबाज ने यह उपलब्धि तब हासिल की जब वे बांग्लादेश के खिलाफ T20 मुकाबला खेल रहे थे। बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान टी20 मुकाबले में पाक टीम ने 7 विकेट से जीत दर्ज करने में कामयाबी हासिल की। यह मैच न्यूजीलैंड में हो रही ट्राई सीरीज के अंतिम लीग मुकाबले का हिस्सा था क्योंकि पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की टीमें पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी हैं।
Recommended Video

केवल 53 रनों की जरूरत थी
क्राइस्टचर्च में होने वाले इस मुकाबले से पहले लाहौर में जन्मे बाबर आजम को केवल 53 रनों की जरूरत थी और उसके बाद वे यह माइलस्टोन हासिल कर लेते। आजम ने निराश नहीं किया और एक और अर्धशतक लगाते हुए 55 रनों की पारी खेली। उन्होंने मोहम्मद रिजवान के साथ शतकीय ओपनिंग साझेदारी भी की। इसके साथ ही बाबर आजम इंजमाम उल हक, यूनुस खान, मोहम्मद यूसुफ, जावेद मियांदाद, सलीम मलिक, सईद अनवर, मोहम्मद ,हफीज शोएब, मलिक, शाहिद अफरीदी और मिसबाह उल हक की जमात में शामिल हो गए हैं।

37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया
बाबर आजम ने इस मुकाबले में केवल 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और उसके बाद तेज गेंदबाज हसन महमूद की गेंद पर आउट हो गए। यह एक स्लो बॉल थी जहां पर बाबर आजम ने हवा में शॉट खेलने का प्रयास किया लेकिन ऑफ साइड में सब्सीट्यूट फील्डर मोसाद्देक हुसैन लियाकत ने कैच पकड़ लिया। आजम ने कुछ बेहतरीन शॉट के साथ अपनी पारी को शुरू किया और बांग्लादेश को पूरी तरह मुकाबले से बाहर करना सुनिश्चित कर दिया।

टी20 वर्ल्ड कप में आजम पर रहेंगी नजरें
इससे पहले बांग्लादेश की टीम ने शाकिब अल हसन और सौम्या सरकार के अच्छे अर्धशतक के दम पर पाकिस्तान की टीम को 174 रनों का लक्ष्य चेज करने के लिए दिया था। बाबर आजम ने कुल मिलाकर 9 चौकों की सहायता से 40 गेंद पर 55 रन बनाए जबकि उनके ओपनिंग साझेदार मोहम्मद रिजवान ने 56 गेंद पर 69 रन की पारी खेली लेकिन मैच में पाकिस्तान की नैया पार लगाने का काम किया मिडिल ऑर्डर पर मोहम्मद नवाज ने जिन्होंने 20 गेंद पर नॉटआउट 45 रन बनाए।
बाबर आजम आईसीसी T20 रैंकिंग में नंबर एक बल्लेबाज थे लेकिन अब यह स्लॉट रिजवान के पास है और बाबर आजम नंबर तीन पर आ चुके हैं क्योंकि सूर्यकुमार यादव दो पर मौजूद है। आजम की सफलता T20 वर्ल्ड कप 2022 में पाकिस्तान की सफलता पर भी गहरा प्रभाव डालेगी।












Click it and Unblock the Notifications