शाहिद अफरीदी के बयान के बाद बाबर और रिजवान की होगी टी20 टीम से छुट्टी? 130 से नीचे है स्ट्राइक रेट
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने कहा है कि घरेलू क्रिकेट में जिस खिलाड़ी का स्ट्राइक रेट 135 से नीचे का होगा, उसे टी20 टीम में नहीं चुना जाएगा।

इंग्लैंड के हाथों टेस्ट सीरीज में क्लीन स्विप का सामना करने के बाद से पाकिस्तान क्रिकेट में अभी तक कई अहम बदलाव किए जा चुके हैं। सबसे पहले पीसीबी के अध्यक्ष को बदला गया। रमीज राजा को हटाकर नजम सेठी को यह जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी को अंतरिम चीफ सेलेक्टर बनाया गया। इन दो अहम बदलावों के बाद नजम सेठी और शाहिद अफरीदी अपने मुताबिक, चीजों को सेट करने में लगे हैं। शाहिद अफरीदी अपनी भूमिका को लेकर काफी एक्टिव नजर आ रहे हैं। उन्होंने यह ऐलान कर दिया है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम में जिस खिलाड़ी का स्ट्राइक रेट 135 या फिर उससे ज्यादा का होगा, उसे ही पाकिस्तानी टी20 टीम में चुना जाएगा।
बाबर आजम और रिजवान की जगह पड़ी खतरे में
शाहिद अफरीदी के इस ऐलान के बाद पाकिस्तानी टीम में हर खिलाड़ी अपनी जगह को लेकर सहमा हुआ है। शाहिद अफरीदी के इस बयान के बाद पाकिस्तान की टी20 टीम में कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की जगह बन पाना बहुत मुश्किल नजर आ रहा है, क्योंकि इन दोनों बल्लेबाजों का टी20 में स्ट्राइक रेट 130 से भी कम है। एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप में बाबर आजम और मोहम्मद रिजवार अपनी धीमी बैटिंग को लेकर काफी ट्रोल हुए थे। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों पर सवाल भी उठे थे। बता दें कि टी20 फॉर्मेट में बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान पाकिस्तानी टीम की ओपनिंग जोड़ी भी है।
130 से नीचे का स्ट्राइक रेट है बाबर और रिजवान का
शाहिद अफरीदी के बयान के बाद बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की टीम में जगह को लेकर सवाल उठ रहे हैं। टीम के शीर्ष दो बल्लेबाज बाबर और रिजवान का स्ट्राइक रेट 130 से भी कम है। बताय दें कि बाबर आजम का टी20 में स्ट्राइक रेट 127.5 का है, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान का स्ट्राइक रेट 126.6 का है। ऐसे में अगर अफरीदी की कही बात लागू होती है तो बाबर और रिजवान को टी20 टीम से बाहर किया जा सकता है। या फिर इन दोनों खिलाड़ियों को बहुत जल्द अपनी बैटिंग शैली को बदलना होगा।
क्या कहा था शाहिद अफरीदी ने ?
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने समा टीवी से बात करते हुए कहा था कि उन्होंने पाकिस्तान के कप्तान बाबर आज़म और कोच सकलैन मुश्ताक के साथ कई महत्वपूर्ण मामलों पर चर्चा की है। उनमें से सेलेक्शन मानदंड एक था, इसलिए मैं कहना चाहता हूं कि घरेलू क्रिकेट में जिस खिलाड़ी का स्ट्राइक रेट 130 से नीचे का होगा उसे पाकिस्तान की टी20 टीम में नहीं चुना जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications