'सॉरी भाई, ले नहीं पाये', IPL की नीलामी में आवेश खान को नहीं खरीद पाने पर भावुक हुए ऋषभ पंत
नई दिल्ली। बेंगलुरु में आयोजित किये गये दो दिवसीय मेगा ऑक्शन में आईपीएल के 15वें सीजन का हिस्सा बनने वाले खिलाड़ियों की नीलामी पूरी हो चुकी है, जिसमें टीमों ने अपने पसंदीदा प्लेयर्स को खरीद कर अपने खेमे में शामिल किया है। इसकी वजह से जहां कुछ खिलाड़ियों को अपनी पुरानी फ्रैंचाइजियों से वापस जुड़ने का मौका मिला है तो वहीं पर कुछ प्लेयर्स अपनी टीम से दूर हुए हैं। ऐसे में बहुत सारे प्लेयर्स के लिये अपनी फ्रैंचाइजी को गुड बॉय कहना काफी इमोशनल रहा। जिन प्लेयर्स को अपनी पुरानी टीम छोड़कर जाना पड़ा उनमें से एक नाम आवेश खान का भी है, जिन्हें लखनऊ सुपर जाएंटस की टीम ने 10 करोड़ की राशि देकर अपने खेमे में शामिल किया तो वहीं जान लगा देने के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स की टीम उन्हें वापस अपने खेमे में नहीं ला पायी।


मुझे उम्मीद थी कि 7 करोड़ तक मिलेंगे
आईपीएल ऑक्शन में नई टीम के साथ जुड़ने के अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए आवेश खान ने खुलासा किया कि कुछ देर के लिये सबकुछ रुक गया था, लेकिन फिर सब नॉर्मल हो गया। आवेश ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि ऑक्शन के दौरान उन्हें कम से कम 7 करोड़ रुपये की राशि मिलेगी लेकिन भारतीय टीम के साथ कोलकाता की फ्लाइट में होने की वजह से लाइव अपडेट नहीं मिल पा रही थी।
स्पोर्टसकीड़ा से बात करते हुए आवेश खान ने कहा,'मैं उस वक्त फ्लाइट में था और मुझे उम्मीद थी कि 7 करोड़ तक मिल सकते हैं। लेकिन क्योंकि मैं फ्लाइट में था इस वजह से ऑक्शन का सीधा प्रसारण नहीं देख सकता था। मैं यह सोचकर थोड़ा नर्वस था कि कौन सी टीम मुझे कितने में खरीदेगी, फ्लाइट लैंड होने के बाद पता लगा कि लखनऊ ने मुझे 10 करोड़ में खरीदा है, यह सुनने के बाद 5 सेकेंडस तक मैं जम गया, लेकिन फिर सब नॉर्मल हो गया कि अच्छा, ठीक है।'

भावुक हो गये थे ऋषभ पंत
आवेश खान ने आगे बात करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के अपने साथी और पूर्व कप्तान ऋषभ पंत के साथ उस लम्हे का भी जिक्र किया जब उन्होंने आवेश को गले लगाकर उन्हें टीम में वापस न ला पाने के लिये माफी मांगी।
उन्होंने कहा,'जब हमारी फ्लाइट कोलकाता पहुंची तो मैं बाहर आकर ऋषभ से मिला। उसने दोनों हाथ फैलाकर मुझे गले लगाया और कहा कि सॉरी भाई, ले नहीं पाये क्योंकि पर्स में ज्यादा पैसे बचे नहीं थे और हमें कई सारे खिलाड़ी भी लेने थे। जब मैंने बाद में ऑक्शन देखा तो दिल्ली ने मुझपर 8.75 करोड़ की आखिरी बोली भी लगाई थी, लेकिन लखनऊ सबसे आगे रहा। तो यह मेरा ऋषभ के साथ काफी भावुक लम्हा था।'

हमेशा दिल में रहेगी दिल्ली
आवेश खान ने आगे बात करते हुए कहा कि अंडर 19 के दिनों से ऋषभ पंत के साथ रहे हैं, ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स से दूर जाने पर उन्हें रिकी पोंटिग और पंत का साथ काफी याद आने वाला है। आवेश ने कहा कि में रिकी पोंटिंग एंड कंपनी को काफी मिस करूंगा क्योंकि दिल्ली कैपिटल्स के साथ मेरा एक इमोशनल कनेक्शन है। मैं और ऋषभ अंडर 19 के दिनों से साथ मैच खेले हैं, मैच के बाद साथ बैठे हैं, साथ घूमने निकले हैं, तो जाहिर सी बात है उनका साथ काफी मिस करूंगा।












Click it and Unblock the Notifications