ऑस्ट्रेलिया की हुई डबल बेइज्जती, बांग्लादेश ने घर में हराया टेस्ट, अब एक और छोटी टीम ने तोड़ा ऑल टाइम रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम का समय अच्छा नहीं चल रहा है। एक ही दौर में उसे दो अलग-अलग मोर्चों पर झटका लगा है। डार्विन में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराकर टेस्ट क्रिकेट में बड़ा उलटफेर किया, वहीं दूसरी ओर स्पेन ने लगातार जीत का रिकॉर्दड तोड़ दिया।
ऑस्ट्रेलिया को एक झटका टेस्ट क्रिकेट में नहीं, बल्कि एक ऐसी टीम से मिला जिसका नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बड़ी ताकतों में अभी नहीं गिना जाता। स्पेन ने फिनलैंड को हराकर टी20 इंटरनेशनल में लगातार 21वीं जीत हासिल कर ली। इसके साथ ही उसने रिकी पोंटिंग की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के लगातार 20 अंतरराष्ट्रीय मैच जीतने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

पोंटिंग की कप्तानी का रिकॉर्ड टूटा
ऑस्ट्रेलिया ने अपने सुनहरे दौर में लगातार 20 मुकाबले जीते थे। इस सिलसिले में 17 लगातार वनडे जीत शामिल थीं और 2003 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत के खिलाफ मिली जीत भी इसी दौर का हिस्सा थी। इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टेस्ट जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने लगातार अंतरराष्ट्रीय जीत का आंकड़ा 20 तक पहुंचाया था।
स्पेन ने यह उपलब्धि सिर्फ कुछ मैचों में हासिल नहीं की। उसकी जीत की लय करीब तीन साल से चली आ रही है। टीम ने 2024 में लगातार 14 टी20 इंटरनेशनल मैच जीते, फिर 2025 में छह और जीत दर्ज कीं। 2026 में फिनलैंड के खिलाफ जीत के साथ उसने ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
दिलचस्प बात यह है कि स्पेन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बावजूद आईसीसी टी20 रैंकिंग में वह अभी 28वें स्थान पर है। अब उसकी नजर 2028 टी20 वर्ल्ड कप में जगह बनाने पर है।
बांग्लादेश की जीत को इसलिए खास माना जा रहा है क्योंकि यह ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर मिली ऐतिहासिक टेस्ट जीत है। डार्विन में मेजबान टीम पहली पारी में सिर्फ 198 रन पर सिमट गई थी। इसके बाद बांग्लादेश ने तंजीद हसन के शतक और बाकी बल्लेबाजों के योगदान के दम पर 426 रन बनाकर 228 रन की बड़ी बढ़त हासिल कर ली।
कंगारुओं धरती पर पहली जीत
ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में कैमरून ग्रीन के शतक की मदद से वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन पूरी टीम 284 रन पर आउट हो गई। बांग्लादेश को जीत के लिए सिर्फ 57 रन का लक्ष्य मिला, जिसे उसने एक विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। इस जीत ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में भी बड़ा बदलाव किया और ऑस्ट्रेलिया का पॉइंट प्रतिशत नीचे आ गया। बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह दूसरी टेस्ट जीत दर्ज की है, कंगारुओं की सरजमीं पर यह पहली टेस्ट जीत है।


Click it and Unblock the Notifications
