WTC Final 2025 के लिए ऑस्ट्रेलियाई स्क्वॉड जारी, कैमरन ग्रीन की वापसी, युवा खिलाड़ियों पर दांव
ICC World Test Championship 2025: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार (13 मई) को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल और इसके बाद वेस्टइंडीज दौरे के लिए 15 सदस्यीय टेस्ट टीम का ऐलान कर दिया है। ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन की टेस्ट क्रिकेट में वापसी हुई है। वह पीठ की चोट के बाद टीम में लौटे हैं। उन्होंने आखिरी टेस्ट मैच मार्च 2024 में खेला था।
टीम में कप्तान पैट कमिंस Pat Cummins) और तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड (Josh Hazlewood) की भी वापसी हुई है। दोनों खिलाड़ी चोट के कारण चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर रहे थे, लेकिन आईपीएल 2025 के जरिए मैदान में लौटे। हालांकि, हेजलवुड कंधे की समस्या के कारण रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के आखिरी मैच से बाहर रहे और उनके अगले मैच को लेकर भी संशय था।

शेफील्ड शील्ड फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच रहे ब्रेंडन डॉगेट को टीम के साथ ट्रैवलिंग रिजर्व के रूप में शामिल किया गया है। बाकी स्क्वॉड पिछली गर्मियों में श्रीलंका (2-0) और भारत (3-1) के खिलाफ सीरीज जीतने वाली टीम जैसा ही है।
'टाइटल डिफेंड करने का बड़ा मौका'
चयनकर्ता अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने कहा कि, 'हम खुशकिस्मत हैं कि पैट, जोश और कैमरन फिर से टीम में हैं। टीम ने WTC के इस चक्र को भारत और श्रीलंका के खिलाफ शानदार जीत के साथ खत्म किया और अब हमारे पास टाइटल डिफेंड करने का बड़ा मौका है।'
सैम कॉन्स्टास दोबारा टीम का हिस्सा बने
ऑलराउंडर बो वेबस्टर को भी स्क्वॉड में बरकरार रखा गया है, जबकि सैम कॉन्स्टास भी दोबारा टीम का हिस्सा बने हैं। वहीं स्पिन डिपार्टमेंट में मैथ्यू कुहनेमैन को टॉड मर्फी पर तरजीह दी गई है। कुहनेमैन के प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने की संभावना वेस्टइंडीज के खिलाफ 25 जून से शुरू हो रही तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में ज्यादा है। ऑस्ट्रेलिया की नजर लगातार दूसरी बार WTC खिताब जीतने वाली पहली टीम बनने पर है।
ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम (WTC फाइनल और WI दौरे के लिए)
पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स केरी, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, उस्मान ख्वाजा, सैम कॉन्स्टास, मैथ्यू कुहनेमैन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लायन, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, बो वेबस्टर।ट्रैवलिंग रिजर्व: ब्रेंडन डॉगेट।












Click it and Unblock the Notifications