AUS vs SA: फाइनल में गेंदबाजों ने बरपाया कहर, दो दिन में गिरे 28 विकेट, जानें कौन आगे?
AUS vs SA Highlights, WTC Final 2025: आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 के फाइनल मुकाबले का दूसरा दिन काफी रोमांचक रहा। लॉर्ड्स की पिच पर पहले दो दिनों में कुल 28 विकेट गिर चुके हैं, जिससे मैच पूरी तरह से खुला हुआ है। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे दिन स्टंप तक 8 विकेट पर 144 रन बनाए और उन्हें अब 218 रनों की कुल बढ़त मिल गई है। पहले दो दिनों के खेल में गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला।
एलेक्स कैरी ने कराई ऑस्ट्रेलिया की वापसी (AUS vs SA Highlights, WTC Final 2025)
ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत दूसरी पारी में खराब रही। एक समय टीम 73 रन पर 7 विकेट गंवा चुकी थी और हार की संभावना बनने लगी थी। लेकिन विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी ने दबाव में शानदार 43 रनों की पारी खेली। मिशेल स्टार्क के साथ उनकी 61 रनों की साझेदारी ने टीम को संकट से बाहर निकाला। स्टार्क 16 रन बनाकर नाबाद हैं।

पैट कमिंस ने की थी जबरदस्त गेंदबाज़ी
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 212 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम सिर्फ 138 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने जबरदस्त गेंदबाज़ी करते हुए 6 विकेट लिए। वह किसी भी बड़े टूर्नामेंट फाइनल में पांच विकेट लेने वाले पहले कप्तान बन गए हैं। दक्षिण अफ्रीका की ओर से टेम्बा बावुमा और डेविड बेडिंघम ने कुछ देर तक संघर्ष किया, लेकिन कमिंस ने उन्हें भी पवेलियन भेजा। दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी छह विकेट सिर्फ 44 रन में गंवा दिए।
ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी
दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज़ों ने भी शानदार वापसी की। लुंगी एनगिडी ने स्टीव स्मिथ समेत तीन अहम विकेट लिए। लेकिन कैरी और स्टार्क की साझेदारी ने ऑस्ट्रेलिया को फिर से मुकाबले में ला खड़ा किया। अब दक्षिण अफ्रीका के सामने चुनौती है कि वे जल्दी ऑस्ट्रेलिया की पारी को खत्म करें और 250 से नीचे लक्ष्य रखें। इतिहास देखें तो लॉर्ड्स में 200 से ज्यादा रन का सफल पीछा करना मुश्किल होता है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज अगर पहली पारी की तरह गेंद के साथ प्रदर्शन करते हैं तो वह दक्षिण अफ्रीका पर भारी पड़ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications