Asian Games: 9 गेंदों में फिफ्टी और युवराज का कीर्तिमान ध्वस्त, टी20 में 300 रन ठोक नेपाल का वर्ल्ड रिकॉर्ड
Nepal Created History in T20Is: एशियाई खेलों में आज पुरुष क्रिकेट स्पर्धा शुरू हो गई और पहले ही मुकाबले में नेपाल ने कुछ इस तरह का क्रिकेट खेला है, जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं के होगी। नेपाल की टीम ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करते हुए इतिहास रच दिया।
मंगोलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया और यहीं गलती हो गई। नेपाल के खिलाड़ियों ने इस मौका का पूरा फायदा उठाते हुए जमकर धमाका किया। हालांकि कुशल भर्टेल 19 और आसिफ शेख 16 रन बनाकर आउट हो गए।

कुशल मल्ला ने जमकर बल्लेबाजी करते हुए छोटे मैदान पर पूरा फायदा उठाया। वह ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए कुछ बड़े रिकॉर्ड तोड़ने में सफल रहे। मल्ला ने 34 गेंदों में शतक जड़ टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बना दिया। डेविड मिलर और रोहित शर्मा ने 35 गेंद में शतक जमाया था। मल्ला 50 गेंदों में 8 चौके और 12 छक्कों के साथ 137 रन बनाकर नाबाद रहे।
मल्ला ने शतक का रिकॉर्ड बनाया और दीपेन्द्र सिंह ने कुछ ऐसा किया, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। उन्होंने महज 9 गेंदों में ही फिफ्टी जमा दी। वह युवराज सिंह के 12 गेंदों में जड़े गए अर्धशतक का रिकॉर्ड तोड़ने में सफल रहे।
दीपेन्द्र ने 9 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। वह 10 गेंदों का सामना करते हुए 52 रन बनाकर नाबाद लौटे। इस दौरान उनके बल्ले से 8 छक्के आए। नेपाल की टीम ने एक ही मुकाबले में कई कीर्तिमान बना डाले। मंगोलिया के गेंदबाजों के लिए आज का दिन सबसे खराब रहा होगा।












Click it and Unblock the Notifications