Asia Cup 2023: भारत-नेपाल मैच बारिश से धुलने पर क्या होगा? जानें कौन सी टीम सुपर 4 में जाएगी
India vs Nepal: एशिया कप में टीम इंडिया का अगला मुकाबला भारत और नेपाल के बीच होना है। टीम इंडिया का पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ था जो बारिश के कारण धुल गया। हालांकि इससे पाक टीम को कोई नुकसान नहीं हुआ। एक अंक मिलने से पाकिस्तान ने सुपर 4 में जगह बना ली।
भारत और नेपाल के बीच मुकाबला उसी पल्लेकेले स्टेडियम में होना है जिसमें बारिश के कारण पाकिस्तान के खिलाफ दूसरी पारी की एक गेंद भी नहीं डाली जा सकी। मुकाबला रद्द करने की घोषणा के साथ ही दोनों टीमों को 1-1 अंक दिया गया।

भारतीय टीम एक अंक के साथ अभी ग्रुप ए की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। पाकिस्तानी टीम नम्बर एक पर है और सुपर चार में भी जगह हासिल कर ली है। भारतीय टीम के लिए नेपाल के खिलाफ होने वाला मुकाबला काफी अहम माना जा सकता है।
कैंडी में रविवार के मौसम की बात की जाए तो बारिश हो रही है। नेपाल के खिलाफ सोमवार को भारत का मैच होना है और इसमें भी बारिश के पूरे आसार माने जा रहे हैं। अगर बारिश से खेल रद्द किया जाता है, तब क्या होगा। इसके बारे में हर कोई जानना चाहता है।
अगर भारत और नेपाल के बीच मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ जाता है, तो दोनों टीमों में एक-एक अंक बाँट दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में भारत के पास 2 अंक हो जाएंगे। भारतीय टीम के पास नेट रन रेट अभी जीरो है। अगला मैच रद्द होने पर भी यह जीरो रहेगी लेकिन अंक दो हो जाएँगे। ऐसी स्थिति में टीम इंडिया सुपर 4 के लिए क्वालिफाई कर जाएगी।
अगर बारिश नहीं हो और मुकाबला होता है तो टीम इंडिया जीतकर सुपर चार में चली जाएगी। अगर नेपाल उलटफेर करती है, तो टीम इंडिया बाहर हो सकती है। हालांकि भारतीय टीम को हरा पाना आसान काम नहीं है। नेपाल के पास उतना अनुभव नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications