IND vs NEP: नेपाल ने की बेहतरीन बैटिंग, भारतीय टीम को दिया 231 रनों का लक्ष्य
India vs Nepal Match Score: भारतीय टीम के खिलाफ एशिया कप में खेलते हुए नेपाल ने प्रभावशाली बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। नेपाल की टीम 230 रन बनाकर आउट हो गई। आसिफ शेख ने बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली। सोमपाल कामी ने भी अच्छी बल्लेबाजी की।
टॉस जीतकर भारतीय टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया लेकिन फील्डरों से सहयोग नहीं मिला। भारतीय टीम के लिए श्रेयस अय्यर, विराट कोहली और ईशान किशन ने कैच टपकाए। इसके बाद नेपाल के ओपनरों ने अच्छी शुरुआत कर ली।

आसिफ शेख और कुशल भुर्टेल ने मिलकर पहले विकेट के लिए 65 रनों की भागीदारी कर डाली। शार्दुल ठाकुर को रोहित शर्मा ने गेंदबाजी के लिए लगाया और उन्होंने काम कर दिया। कुशल भुर्टेल को शार्दुल ठाकुर ने 38 रन के निजी स्कोर पर विकेट के पीछे कैच करा दिया।
पहला विकेट गिरने के बाद नेपाल ने कुछ और विकेट गंवाए। रविन्द्र जडेजा ने नियमित अंतराल पर विकेट झटके। उन्होंने भीम शरकी, रोहित पौडेल और कुशल मल्ला को चलता किया। उनके बाद सिराज ने गुलशन झा को आउट कर दिया। इन सबके बीच आसिफ शेख टिके रहे।
आसिफ शेख भारत के खिलाफ नेपाल के लिए पहला इंटरनेशनल अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए। वह 58 रन के निजी स्कोर पर सिराज का शिकार बने। नेपाल की पारी के दौरान दो बार बारिश से खेल रुका। दीपेन्द्र सिंह अच्छा खेल रहे थे लेकिन उनको हार्दिक पांड्या ने 29 के निजी स्कोर पर चलता किया।
निचले क्रम से सोमपाल कामी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए भारतीय गेंदबाजों को विकेट नहीं दिया। हालांकि वह इतिहास रचने से चूक गए और 48 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद नेपाल की टीम 49वें ओवर में 230 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। सिराज और जडेजा ने भारत के लिए 3-3 विकेट हासिल किये। शार्दुल ठाकुर, हार्दिक पांड्या और मोहम्मद शमी को भी 1-1 विकेट हासिल हुआ।












Click it and Unblock the Notifications