Asia Cup 2023: पाकिस्तान की जिद के कारण कैंसिल होगा एशिया कप? BCCI ने बनाया टूर्नामेंट का नया प्लान
Asia Cup 2023: रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत ने एशिया कप 2023 के लिए पाकिस्तान के नए प्रस्तावित हाइब्रिड मॉडल को खारिज कर दिया है। बीसीसीआई कथित तौर पर पांच देशों के टूर्नामेंट की भी योजना बना रहा है।

Asia Cup 2023: एशिया कप 2023 के आयोजन स्थल (Venue) को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच अभी तक कोई एक राय नहीं बन सकी है। एशिया कप का 16वां संस्करण इस साल के अंत में सितंबर में पाकिस्तान (Pakistan) में होने वाला है। टूर्नामेंट में छह टीमें हिस्सा लेंगी। तीन टीमों के दो ग्रुप की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। कट्टर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान को ग्रुप ए में रखा गया है, जबकि बांग्लादेश, श्रीलंका और अफगानिस्तान ग्रुप बी में हैं। इस बीच एशिया कप को लेकर बड़ी खबर सामने आई है।
एशिया कप के कैंसिल होने का कारण बन सकता है राजनीतिक गतिरोध
दरअसल, दोनों देशों के बीच लंबे समय से चल रहा राजनीतिक गतिरोध एशिया कप के कैंसिल होने का बड़ा कारण बन सकता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजनीतिक तनाव के कारण भारतीय टीम को पाकिस्तान नहीं भेजने का फैसला किया है। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान का दौरा करने से पहले ही मना कर दिया था।
पाकिस्तान ने न्यूट्रल वेन्यू पर मैच कराने का रखा प्रस्ताव
दोनों देशों के बीच चल रहे विवाद के मद्देनजर बीच का रास्ता निकालने के लिए हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एशिया कप 2023 के लिए हाइब्रिड मॉडल का प्रस्ताव रखा था। इस मॉडल के अनुसार, भारत अपने मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेलेगा, जबकि अन्य टीमें अपने मैच पाकिस्तान में खेलेंगी।
एसीसी की बैठक में नजम सेठी ने रखा प्रस्ताव
एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) की बैठक के बाद पीसीबी अध्यक्ष नजम सेठी ने कहा कि, 'हमने इस हाईब्रिड मॉडल पर फैसला किया है कि पाकिस्तान अपने एशिया कप के मैच अपने घर में और भारत अपने मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेलेगा और एशियाई क्रिकेट परिषद को हमारा यह प्रस्ताव है।'
भारत को अन्य देशों की प्रतिक्रिया का इंतजार
इस हाइब्रिड मॉडल के बारे में बात करते हुए, एसीसी अध्यक्ष और बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कहा कि, 'हम 2023 एशिया कप के आयोजन स्थल को अंतिम रूप देने और भारत-पाकिस्तान मैच पर स्पष्टता के लिए अन्य देशों से प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।'
पाकिस्तान से बाहर एशिया कप कराने की बात
पाकिस्तान की एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई सचिव जय शाह पहले ही इस नए हाइब्रिड मॉडल का विरोध कर चुके हैं और चाहते हैं कि पूरा टूर्नामेंट पाकिस्तान के बाहर आयोजित किया जाए। दिलचस्प बात यह है कि श्रीलंका और यूएई पहले ही एशिया कप 2023 की मेजबानी में रुचि दिखा चुके हैं।
दूसरे देश में एशिया कप कराने का विचार पाकिस्तान ने किया खारिज
पीसीबी फिलहाल पूरे एशिया कप 2023 को दूसरे देश में स्थानांतरित करने को लेकर लोगों की प्रतिक्रिया को लेकर चिंतित है। इसलिए उन्होंने पहले ही इस विचार को खारिज कर दिया है और अपने रुख पर अडिग रहने का फैसला किया है। रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि अगर एशिया कप 2023 रद्द हो जाता है तो बीसीसीआई पहले ही पांच देशों के टूर्नामेंट की योजना बना चुका है, हालांकि अभी यह देखना बाकी है कि भारत के साथ इस टूर्नामेंट में कौन हिस्सा लेगा।
एशिया कप को लेकर जल्द हो सकता है बड़ा फैसला
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि, एशिया कप कैंसिल होने पर उस विंडो में एक पांच देशों के बीच मल्टी नेशन टूर्नामेंट करवाने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि एशिया कप 2023 को लेकर जल्द ही एक बड़ा फैसला लिया जा सकता है। पीसीबी ने हाइब्रिड मॉडल के बारे में अपने रुख पर अडिग रहने का फैसला किया है और इसका परिणाम वास्तव में इस साल एशिया कप नहीं हो सकता है, लेकिन पीसीबी इसके लिए तैयार है जो आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 की उनकी तैयारी को भी नुकसान पहुंचा सकता है।
कैंसिल हो सकता है एशिया कप 2023
तत्कालीन पीसीबी चीफ रमीज राजा ने इस साल भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में नहीं आने तक की धमकी दे डाली थी। कार्यवाहक चेयरमैन की भूमिका वर्तमान में नजम सेठी निभा रहे हैं। उनके आने से भी यह विवाद सुलझा नहीं। अब जो बातें सामने आ रही हैं उसमें इस बात की चर्चा है कि एशिया कप 2023 कैंसिल हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications