Asia Cup 2023: एशिया कप में धोनी के धुरंधरों का जलवा, बांग्लादेश का किया बुरा हाल, भारत को भी खतरा!
Bangladesh vs Sri Lanka, 2nd Match, Group B: कैंडी के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच एशिया कप का दूसरा मुकाबला लो स्कोरिंग रहा। बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन उनकी टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल सकी और 42.4 ओवर में 164 रन पर ढेर हो गई।
श्रीलंकाई गेंदबाजों का कमाल: श्रीलंका की टीम को एशिया कप से पहले ही कुछ बड़े झटके लगे थे। टीम के कई प्रमुख खिलाड़ी चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। इसके बावजूद श्रीलंकाई गेंदबाजों का प्रदर्शन कमाल का रहा है। श्रीलंका के सभी गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए बांग्लादेश को मैच में वापसी करने का मौका नहीं दिया। श्रीलंका के लिए मथीशा पथिराना ने सबसे अधिक चार विकेट लेने में कामयाबी हासिल की।

धोनी ने किया तैयार: श्रीलंका के जिन दो गेंदबाजों ने बांग्लादेश के खिलाफ सबसे अधिक विकेट झटकने का काम किया, वो दोनों ही खिलाड़ी आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हैं। इन दोनों के करियर को आगे बढ़ाने में धोनी का बड़ा योगदान माना जाता है। मथीशा पथिराना ने चार तो वहीं महीश तीक्षणा ने दो विकेट लेकर बांग्लादेश को बैकफुट पर धकेल दिया।
भारत के लिए भी खतरा: पिछले साल टी-20 फॉर्मेट में खेले गए एशिया कप में श्रीलंका ने भारत को हराकर सभी को चौंका दिया था। सुपर फोर में भारत और श्रीलंका के बीच मुकाबला खेला जाएगा। ऐसे में ये दोनों ही गेंदबाज भारत के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं। भारतीय बल्लेबाजों को इन दोनों ही गेंदबाजों के खिलाफ एक प्लानिंग के तहत मैदान पर उतरना होगा।
श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन: पथुम निसंका, दिमुथ करुणारत्ने, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलंका, धनंजय डी सिल्वा, दासुन शनाका (कप्तान), डुनिथ वेललेज, महीश तीक्षणा, कसुन रजिथा, मथीशा पथिराना।
बांग्लादेश की प्लेइंग इलेवन: मोहम्मद नईम, तंजीद हसन, नजमुल हुसैन शान्तो, तौहीद हृदय, शाकिब अल हसन (कप्तान), मुशफिकुर रहीम (विकेटकीपर), मेहदी हसन मिराज, मेहदी हसन, तस्कीन अहमद, शोरिफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान।












Click it and Unblock the Notifications